कोलकाता/हावड़ा। अगलगी का क्रम जारी है। आज अगलगी की दो अलग अलग घटनाएं घटी। हावड़ा जिले के लिलुआ थाना अंतर्गत स्थित रेलवे वर्कशॉप में भीषण आग की घटना घटी तो वहीं महानगर कोलकाता स्थित तपसिया में जूता कारखाना आग में राख हो गया। तापसिया के 80/1 मिलादनगर में आज दोपहर को जूता कारखना में आग लग गई। कारखाने से सटे इलाका काले धुएं से भर गया। उसके बाद जूता कारखाने में आग लगने की जानकारी मिली। कारखाने में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ रखे होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। एक-एक कर सामग्री जलने लगी। सूचना के बाद दमकल की सात गाड़ियां मौके पर पहुंची। आनन-फानन में आग पर काबू पाने का काम शुरू किया गया। मिली जानकारी के अनुसार, सात इंजन घटनास्थल पर पहुंची हैं। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। दमकल विभाग के मुताबिक आग किस वजह से लगी यह कहना संभव नहीं है। आग बुझने के बाद ही समझ में आएगा। दमकलकर्मी आग को आसपास की कारखानों में फैलने से रोकने पर ध्यान दे रहे हैं। आग पर जल्द से जल्द काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना से स्थानीय लोगों में काफी दहशत है। इधर  हावड़ा जिले के लिलुआ थाना अंतर्गत स्थित रेलवे वर्कशॉप में भयावह आग लग गई। पूरा एक कोच आग की लपटों में घिर गया। इस घटना में किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना आज सुबह करीब साढ़े दस बजे की है। रेलवे वर्कशॉप में कोच की मरम्मत का काम चल रहा था। कोच के नीचे गैस कटर से काम के दौरान आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कोच को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना फौरन दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर दमकल की तीन गाड़ियां पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीन इंजनों ने आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद दो सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया। बताया गया है कि यह कमेटी घटना की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •