महानगर कोलकाता फिर हुआ पानी-पानी

कोलकाता।अहले सुबह से निम्न दबाव का प्रभाव महानगर पर पड़ना शुरू हुआ। इस वजह से सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है। परिणामस्वरुप, महानगर एक बार फिर से जलमग्न हो गया है। मंगलवार की शाम से ही 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा बह रही थी। बुधवार को मुख्य रूप से कोलकाता, दक्षिम 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मिदनापुर, झारग्राम, हावड़ा, हुगली में बारिश हो रही है। वहीं उत्तर व दक्षिण 24 परगना, नदिया और पूर्व बर्दवान में भी भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल बारिश से राहत नहीं मिलेगी।मंगलवार को पूरा दिन आसमान में बादल छाये हुए थे, साथ ही हल्की बारिश भी हो रही थी। शाम ढलने के बाद से ही महानगर में हवाओं की रफ्तार बढ़ने लगी। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात को 8.30 बजे महानगर में हवाएं 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से बह रही थी। इसके बाद से ही दक्षिण बंगाल के विभिन्न इलाकों में बारिश की मात्रा में वृद्धि होने लगी। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार तटवर्तीय जिलों में बारिश की मात्रा अधिक रहेगी। आज महानगर का सर्वाधिक तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। गौर हो कि चक्रवाती तूफान गुलाब ने आंध्रप्रदेश और ओडिशा के तटवर्तीय क्षेत्रों में तांडव मचाया था। इस वजह से ही पश्चिम बंगाल में चक्रवात अपना प्रभाव दिखा रहा है। बंगाल की खाड़ी में उत्पन्न हुए चक्रवात ने अपनी शक्ति बढ़ा ली है और अब यह गंभीर निम्न दबाव में परिणत हो चुका है। आज दिनभर दक्षिण बंगाल के विभिन्न हिस्सों में भारी से अतिभारी बारिश होने की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। नवान्न में भी इस बाबत सावधानी बरतते हुए कंट्रोल रूम खोले गये हैं।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •