कहा- चक्रवातों के समय आपने हमें कितना फंड भेजा?
बाढ़ पीड़ितों को मुख्यमंत्री ने दिया हर मदद का अश्वासन

कोलकाता/हावड़ा/हुगली। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया है। वहीं उन्होंने केन्द्र की मोदी सरकार पर बरसते हुए तमाम सवाल किये और मोदी सरकार की मंशा पर भी सवालिया निशान लगाया। लगातार हुई बारिश और दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) द्वारा कथित तौर पर पानी छोड़े जाने के बाद सबसे अधिक प्रभावित हुगली और बर्दवान जिला है। इसके अलावा हावड़ा का उदयनारायणपुर क्षेत्र भी बाढ़ की चपेट में है। दोपहर के समय मुख्यमंत्री हावड़ा के डूमूरजूला हेलीपैड से हेलीकॉप्टर में सवार होकर उड़ान भरी। हावड़ा के उदयनारायणपुर और हुगली के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करते हुए आरामबाग पहुंची। यहां आरामबाग के दौलतपुर हवाई अड्डे पर उतर कर उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का पैदल दौरा किया और राहत शिविरों में रह रहे पीड़ित लोगों से बात की। मुख्यमंत्री ने घरों में फंसे हुए लोगों से भी बात की। वहां कई ऐसे घर थे जहां पानी घुस चुके थे। यहां भी पहुंचकर मुख्यमंत्री ने महिलाओं और अन्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के बारे में जाना है। बनर्जी ने सभी को उचित मदद का आश्वासन दिया है और कहा है कि प्रशासन उनकी मदद के लिए 24 घंटे तत्पर है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज फिर केंद्र सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया। ममता बनर्जी ने कहा कि वैसे तो गृह मंत्रालय कई भाजपा नेताओं की सुरक्षा के लिए हजारों की संख्या में जवानों को भेजता है, लेकिन मुश्किल वक्त में राज्य के लिए राहत राशि नहीं भेजता। अधिकारियों के साथ बैठक में सीएम ममता ने केंद्र को निशाने पर लेते हुए पूछा कि आपने अम्फान, फानी, बुलबुल और यास तूफान के दौरान हमारे लिए कितना फंड भेजा। मैं पीएम से कहना चाहती हूं कि वह इस मामले को देखें। इसके साथ ही ममता ने कहा कि चुनाव आयोग ने हमें दुर्गा पूजा कमेटी के लिए फंड आवंटित करने की अनुमति दे दी है। लक्ष्मी भंडार योजना के तहत चुनाव वाले सभी जिलों के लिए राशि दी जाएगी। चुनाव के बाद यहां फंड भेजा जाएगा।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक दिन पहले ही बंगाल में बाढ़ के लिए केंद्र सरकार के अधिनस्थ दामोदर घाटी निगम को जिम्मेदार ठहराया था और आरोप लगाया था कि बिना बताए पानी छोड़ा गया जिसकी वजह से बंगाल में मानव निर्मित बाढ़ आई है।

 

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •