कोलकाता। मोदी विरोधी मुहिम को और पुख्ता करने के लिये इस राज्य में तृणमूल हर उस उपाय को आजमा रही है जो मोदी सरकार के खिलाफ हो। जी हां, अगले साल 19 जनवरी को पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल की ओर से आयोजित होने वाले ब्रिगेड परेड महा समावेश में यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी हाजिर हो सकती हैं। यह जानकारी तृणमूल सूत्रों के हवाले से आज दी गई है। बताया गया है कि गत 29 अगस्त को तृणमूल सुप्रीमो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ब्रिगेड परेड के लिए सोनिया गांधी को आमंत्रण पत्र भेजा था। उसे उन्होंने स्वीकार किया है और हाजिर होने की सहमति दी है। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है लेकिन तृणमूल का दावा है कि सोनिया गांधी का आना तय है। दरअसल 2019 के आम चुनाव में राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा को रोकने और संसद में सरकार के खिलाफ एकजुटता में तृणमूल ने हमेशा ही कांग्रेस की मदद की है। इसे ध्यान में रखते हुए यूपीए चेयरपर्सन ने ब्रिगेड परेड समावेश की सहमति दे दी है। हालांकि इस बारे में जब बुधवार को प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप भट्टाचार्य से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी तक उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है लेकिन अगर सोनिया गांधी इसमें हाजिर होना चाहें तो निश्चित तौर प्रदेश कांग्रेस को इससे कोई समस्या नहीं होगी। ज्ञात हो कि दीपावली के दिन सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को फोन कर दीपावली की शुभकामनाएं भी दी थी और उन्हें महाविपक्षी एकता की महा बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। मुख्यमंत्री ने उसे स्वीकार किया था। इसके बाद सीएम ने सोनिया गांधी को भी 19 जनवरी के ब्रिगेड परेड महारैली में शामिल होने का आह्वान किया था जिसे स्वीकार किया गया है। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल में 42 लोकसभा में से कम से कम 22 सीटों पर कब्जा करने की घोषणा की है। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकता का आह्वान किया है।
|
|
|