हत्या से पहले ही खुली साजिश की पोल

कोलकाता/खड़गपुर। कहते है कि दौर बदल रहा है। वहीं बदलते दौर के साथ रिश्तों की मर्यादा भी तार-तार हो रही है। झाड़ग्राम जिला के बीनपुर में हुई एक दिलचस्प घटना के तहत हत्या से पहले ही सुपरी किलर और उसकी सुपारी देने  वालों की पोल खुल गई। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।झाड़ग्राम के एसपीडीओ विवेक वर्मा ने कहा कि इस संबंध में बीनपुर थाने में मामला दर्ज हुआ है।  जानकारी के मुताबिक बीनपुर थाना क्षेत्र के दहीजुड़ी निवासी राजीव हेम्ब्रम ने अपनी मां और भाई की पत्नी के साथ मिल कर अपने ही छोटे भाई संजय हेम्ब्रम (26) की हत्या की साजिश रची थी। बताया जाता है कि स्थानीय आदिवासी संप्रदाय से होने के बावजूद हेम्ब्रम परिवार काफी संपन्न माना जाता है। परिजनों का आरोप है कि संजय के उच्छश्रंखल स्वभाव, नशे की लत, कथित तौर पर किसी के साथ अवैध संबंध के शक और नशे की हालत में अक्सर मां व परिजनों के साथ मारपीट की आदत से परिवार के लोग परेशान हो गए और उन लोगों ने मिल कर सुपारी किलर के जरिए संजय की हत्या की साजिश रची। इस कार्य में राजीव हेम्ब्रम के दोस्त रामजद हांसदा ने मदद की। उसने उनकी मुलाकात सुपारी किलर पीरो हांसदा निवासी डुमरिया, जामबनी से करवा दी। पुलिस के मुताबिक हत्या के लिए राजीव ने पीरो को 50 हजार रूपये और एक मोटर साइकिल दी।  हत्या के लिए गोलियां खरीदते समय पुलिस ने हाथों हाथ पीरो को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि मुखबिरों के जरिए पुलिस को पहले ही पता लग चुका था कि पेशेवर अपराधी पीरो किसी की हत्या के लिए गोलियां खरीद रहा है। पुलिस ने अपने लोगों को ही असलहा विक्रेता बना कर वहां तैनात करा दिया। तहकीकात से पूरे मामले का खुलासा हुआ। पता चला कि रेकी के बाद संजय की हत्या कभी भी हो सकती थी। हत्या के बाद पीरो को एक लाख रूपये और मिलने की बात तय हुई थी। आरोपी के बयान पर पुलिस ने सुपारी देने वाले रामजद और राजीव को भी गिरफ्तार कर लिया। हत्या की इस साजिश के पीछे पुलिस उसके परिवार वालों के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी छानबीन कर रही है।

Spread the love
  • 1
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
    1
    Share
  •  
    1
    Share
  • 1
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •