लखनऊ। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की एडिप योजना के अन्तर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) द्वारा आज लखनऊ में दिव्यांगों के लिए एक मेगा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर द्वारा दिव्यांगों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय मंत्री थावर चन्द गहलोत ने की। कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस मेगा शिविर के माध्यम से कुल 1115 लाभार्थियों को लगभग 1 करोड़ 30 हजार रुपये की लागत के विभिन्न श्रेणियों के सहायक यंत्र एवं उपकरण एडिप योजना के अन्तर्गत दिव्यांगों को निःशुल्क वितरित किए गए।   कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए माननीय मंत्री सामाजिक न्याय और अधिकारिता थावर चन्द गहलोत ने कहा कि यह मंत्रालय देश की लगभग 70 करोड़ आबादी को लाभान्वित करता है। उन्होंने कहा कि यह एडिप कैम्प पिछले दो वर्षों के दौरान दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा आयोजित 121वां एडिप कैंप है जो कि लाभार्थियों को उपकरण वितरित करने और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण है। गहलोत ने कहा कि हमारे मंत्रालय ने दिव्यांगों हेतु राष्‍ट्रीय छात्रवृत्ति आरम्भ की है जो उनके सशक्तिकरण के लिए आवश्यक है तथा मंत्रालय ने कॉकलेयर इम्प्लांट की योजना भी प्रारम्भ की है जिससे अभी तक देश भर में 352 बच्चों को यह सुविधा मिल चुकी है। गहलोत ने कहा कि भारत सरकार ने सुगम्य भारत अभियान की शुरुआत की है जिससे दिव्यांगों का सार्वजनिक स्थानों पर आवागमन आसानी से हो सकेगा।

केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मेक इन इंडिया कार्यक्रम को सफल बनाने में दिव्यांगों की अहम भूमिका हो सकती है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने सुगम्य भारत अभियान के तहत दिव्यांगों के लिए सार्वजनिक स्थानों पर आवागमन को आसान बनाने के लिए एक कमेटी बनाई है जो अपने सुझाव सरकार को जल्द सौंपेगी। श्री सिंह ने कहा कि हमारी सरकार दिव्यांगों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और 38 लाख दिव्यांगों के कौशल विकास के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है।कार्यक्रम में 40 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 322 ट्राईसाइकिल, 54 फोल्डिंग व्हील चेयर, 9 सीपी चेयर, 264 बैशाखी और 22 वाकिंग स्टीक वितरित की गईं।कार्यक्रम में मोहनलालगंज क्षेत्र के सासंद कौशल किशोर, लखनऊ पूर्वी क्षेत्र के विधायक आशुतोष टण्डन और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के संयुक्त सचिव अवनीष अवस्थी तथा एलिम्को के सीएमडी  डी.आर. सरीन भी मौजूद थे।

 

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •