कोलकाता। बिते दिनों बंगाल में भारी बारिश और डीवीसी द्वारा छोड़े गये पानी की वजह से कई जिलों में जो बाढ़ की स्थिति बनी हुई है उसे लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम नरेंद्र मोदी को फिर पत्र लिखा है। अपने पत्र में ममता ने मोदी सरकार पर प्राकृतिक आपदाओं में बंगाल को आर्थिक सहायता नहीं पहुंचाये जाने का आरोप लगाया है। साथ ही ममता ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि बाढ़ से मुकाबला करने के लिए समय पर जरूरी योजना नहीं बनायी गयी जिससे हर साल बंगाल को बाढ़ जैसी गंभीर समस्या झेलनी पड़ती है। इसलिए बाढ़ से निपटने के लिए केंद्र सरकार को एक ठोस योजना बनाने की जरूरत है। बता दें कि इससे पहले 4 अगस्त को सीएम ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को पत्र लिखा था लेकिन उसका केंद्र सरकार ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। इसे लेकर भी ममता ने सख्त नाराजगी जाहिर की है। इस बार पीएम को लिखे अपने पत्र में सीएम ने इस बात का जिक्र किया है कि डीवीसी द्वारा बिना किसी अग्रिम सूचना और तैयारी के ही अतिरिक्त पानी छोड़ी गया जिसकी वजह से बंगाल के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गयी है। डीवीसी की इस लापरवाही के कारण केंद्र सरकार को डीवीसी के खिलाफ कदम उठाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि हाल ही में हुई भारी बारिश और डीवीसी द्वारा अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की वजह से हावड़ा, हुगली, मेदिनीपुर, बर्दवान जैसे कई जिलों में गंभीर बाढ़ की समस्या पैदा हो गयी है। स्वयं सीएम ममता बनर्जी ने बाढ़ प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया था। इस दौरान ममता ने बंगाल में बाढ़ संकट को लेकर पीएम मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना की थी।उन्होंने डीवीसी द्वारा बंगाल में अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण पैदा हुई बाढ़ की स्थिति के लिए केंद्र सरकार पर बड़ा अपराध करने का आरोप लगाया था। वहीं, उन्होंने डीवीसी के खिलाफ सख्त कदम उठाये जाने की अपील की थी। इसके अलावा, ममता सरकार ने केंद्र सरकार पर चक्रवाती तूफान और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं में बंगाल को वंचित करने का भी आरोप लगाया था।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •