राज्यपाल ने कहा, मिलकर करेगें चक्रवात का मुकाबला

भाजपा ने किया आपदा पर राज्य सरकार का साथ रहने का वादा

 कोलकाता। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज् के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने आज कहा कि चक्रवाती तूफान ”फोनी” का व्यापक प्रभाव राज्य में भी पड़ने की संभावना है। ऐसे समय में पार्टी ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राज्य की ममता बनर्जी सरकार को हर संभव सहयोग करने की पेशकश की है। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन और लोगों की मदद के लिए तत्पर रहने का निर्देश दिया गया है। विजयवर्गीय ने मुरलीधर लेन स्थित प्रदेश पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह ऐसा समय है जब राजनीति से ऊपर उठकर लोगों की मदद करने की जरूरत है। केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य के आठ क्षेत्र उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, तमलुक, कांथी और नदिया चक्रवात से प्रभावित हो सकते हैं। इन क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य की जिम्मेदारी पार्टी के शीर्ष नेताओं को दी गई है। मेदिनीपुर जिले की जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष संभाल रहे हैं। केंद्रीय भारी उद्योग एवं लोक उद्यम राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो, पार्टी नेता मुकुल राय और सांसद रूपा गांगुली प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की मदद के लिए पहुंच रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार ने कहा कि सहयोग के लिए राज्य के मुख्य सचिव मलय दे को चिट्ठी लिखी गई है। इसमें पार्टी ने सरकार और प्रशासन को हर तरह से मदद करने की पेशकश की है। इधर घातक चक्रवाती तूफान को लेकर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने आज कहा है कि उन्हें विश्वास है कि केंद्र व राज्य की सरकारें मिलकर घातक चक्रवाती तूफान का मुकाबला कर लेंगी। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि ओडिशा और बंगाल सरकार तथा केंद्र की सरकारें एक दूसरे के साथ समन्वय बनाकर जितना अधिक संभव हो सके उतना अधिक जानमाल के नुकसान को टालेंगी और चक्रवात से पीड़ित हुए लोगों को हर तरह की सहायता करेंगी। उल्लेखनीय है कि घातक चक्रवाती तूफान फानी ओडिशा के समुद्र तट से टकरा चुका है और करीब 175 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इसके असर से पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की शुरुआत हुई है।
Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •