कोलकाता। दक्षिण दिनाजपुर जिला अंतर्गत बालूरघाट में जनसभा के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हेलीकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के बाद उन्होंने ऑडियो संदेश के जरिए विशाल जनसभा को संबोधित किया है। योगी ने राज्य सरकार को जनविरोधी और लोकतंत्र का सम्मान नहीं करने वाला करार दिया। साथ ही दावा किया कि अब ममता सरकार के दिन गिने चुने ही रह गए हैं। दरअसल, हेलीकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने की वजह से आदित्यनाथ इस रैली में शामिल नहीं हो सके। लखनऊ से उन्होंने फोन पर ही जनसभा को संबोधित किया। वह जिस फोन पर थे, उसके स्पीकर को ऑन कर एंप्लीफायर के जरिए माइक पर रखा गया था। इसी तरीके से उन्होंने बालूरघाट की जनसभा को संबोधित किया है। आदित्यनाथ ने ममता की ब्रिगेड रैली में शामिल विपक्षी नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें देखना चाहिए कि किस तरह से पश्चिम बंगाल की सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है। लोकतंत्र में तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी का विश्वास नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग लोकतंत्र के नाम पर ममता के मंच पर थे, वे अपने गिरेबान में झांकें। ऑडियो लिंक के जरिए लोगों को संबोधित करते हुए यूपी के मुख्यमंत्री ने कहा कि ममता सरकार ने मुझे आने और आप सभी से मिलने की अनुमति नहीं दी है। इस कारण मुझे आपको संबोधित करने के लिए डिजिटल माध्यम का सहारा लेना पड़ा। यह तृणमूल कांग्रेस सरकार जन और लोकतंत्र विरोधी है। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समझौता किया है।उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस भाजपा से डरती है, क्योंकि वह अच्छी तरह से जानती है कि बंगाल में उसके दिन गिने चुने रह गए हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार पर अल्पसंख्यकों के तुष्टीकरण के लिए दुर्गा पूजा रोकने का आरोप लगाया और भाजपा की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से कड़ी मेहनत करने का आग्रह किया। योगी ने ममता बनर्जी को याद दिलाया कि वह राज्य में सरकार और उसकी एजेंसियों का दुरुपयोग नहीं कर सकती हैं। यह शर्मनाक है कि सरकारी अधिकारी राज्य में तृणमूल कांग्रेस कैडर के रूप में काम कर रहे हैं। आदित्यनाथ ने कहा कि पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रथ यात्रा को रोका और अब मुझे रोक रहे हैं। लोकतंत्र में आपसी मतभेद हो सकते हैं लेकिन आवाज को कैसे दबाया जाता है और कैसे सरेआम चुनाव लड़ने वाले विरोधी दल के कार्यकर्ताओं को बंधक बनाया जाता है, निर्मम हत्या की जाती है, यह तांडव ममता सरकार में पश्चिम बंगाल में लगातार दिख रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल में जो चल रहा है, उसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। आगे के कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ ही तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ सड़कों पर लड़ाई तेज करने का वादा किया।बंगाल में भाजपा की सरकार बनने का दावा करते हुए संघर्ष के लिए कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। साथ ही कहा कि जिस आत्मविश्वास के साथ भाजपा के कार्यकर्ता बंगाल में लड़ाई लड़ रहे हैं, वह जारी रहना चाहिए।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •