पार्टी के प्रदशर्न को बताया संतोषजनक
कहा, बंगाल में होगा परिवर्तन
कोलकाता। पांच राज्यों के चुनाव नतीजों के कारण देश भर में अब सत्ता परिवर्तन के मुद्दे पर अभी से ही बहस का दौर शुरु हो गया है। जहां इस राज्य में कांग्रेस खेमे को एक लम्बे समय के बाद खुशी मनाने का मौका मिला है वही इस परिणाम के बाद भी प्रदेश भगवा खेमा अपनी पीठ ठोक रही है। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता मुकुल राय ने आज आये पांच राज्यों के चुनाव नतीजों को संतोषजनक बताया और दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा दिनोंदिन मजबूत होगी। परिणाम को लेकर प्रतिक्रिया के लिए मुकुल राय से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में लंबे समय से भाजपा सत्ता में थी वहां लोगों के लिए बहुत काम किया बावजूद इसके एक एंटी इनकमबेंसी थी जिसकी वजह से थोड़ा बहुत नुकसान हुआ है, लेकिन चुनाव परिणाम संतोषजनक है। मिजोरम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के एक मात्र मिजोरम में कांग्रेस की सरकार थी। वह भी उसके हाथ से निकल गई। ऐसे में कांग्रेस को बहुत अधिक खुश होने की जरूरत नहीं है। भाजपा विरोधी महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के साथ कोई भी गठबंधन नहीं करना चाहेगा क्योंकि वह हर किसी को ठगती हैं। उन्होंने कहा कि समय के साथ ममता चंद्रबाबू नायडू का और अन्य पार्टियों का भी साथ छोड़ देंगी। मुकुल ने कहा कि पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम का पश्चिम बंगाल पर कुछ खास असर होने वाला नहीं है। यहां जिस तेजी से भाजपा मजबूत हो रही हैं उसी तरह से होती रहेगी।
|
|
|