कोलकाता। भाजपा आहूत बंद का राज्य में कितना प्रभाव पड़ा यह एक बड़ा सवाल है। लेकिन राज्य के परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस बंद को विफल करार दिया है। आज सुबह से ही वे कोलकाता के मैंगो लेन स्थित परिवहन दफ्तर में मौजूद रहें। उन्होंने कहा कि राजधानी कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर सरकारी और गैर सरकारी बसें चल रही हैं। यातायात व्यवस्था पूरी तरह से सामान्य है। टैक्सी, ऑटो और अन्य गैर सरकारी परिवहन के संसाधन बड़े पैमाने पर सड़कों पर मौजूद हैं जिसमें लोग आसानी से आवागमन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ जो बंद का आह्वान किया है वह पूरी तरह से विफल है। राजधानी कोलकाता हो या कोई और जिला हर जगह यातायात सामान्य है। सारे सरकारी विभाग और अन्य गैर सरकारी प्रतिष्ठान पूर्ववत खुले हुए हैं। इस लिहाज से देखा जाए तो भाजपा के बंगाल बंद को लोगों ने समर्थन नहीं किया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को मिलेगा बीमा इसके अलावा उत्तर दिनाजपुर और पुरुलिया के कुछ क्षेत्रों में सरकारी और गैर सरकारी बसों में तोड़फोड़ और आग लगाने की घटनाओं के बारे में प्रतिक्रिया देते हुए परिवहन मंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने ऐसा किया है पुलिस की टीम निश्चित तौर पर उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन बसों या अन्य वाहनों में तोड़फोड़ हुआ है उनके मालिकों को क्षतिपूर्ति के रूप में बीमा की राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अगर बसों को या अन्य वाहनों को पूरी तरह से तोड़फोड़ दिया गया है तो छह लाख रुपये का बीमा और अगर आंशिक नुकसान हुआ है तो 75 हजार रुपये का बीमा दिया जाएगा।
Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •