लाठी भांज कर पुलिस ने किया 60 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार
घटना पर कैलाश विजयवर्गीय का सीएम ममता पर हमला
बिना अनुमति के ही रैली निकालने का आरोप

रमेश राय / जाकिर अली
कोलकाता। मटियाबुर्ज में आरएसएस कार्यकर्ता पर गोलीबारी कांड के खिलाफ आज एक बार फिर महानगर कोलकाता का सियालदह अंचल में उत्तेजना फैल गयी। आज दोपहर को सियालदह स्टेशन अंचल से रैली निकालने से रोकने पर हिंदू जागरण मंच के सदस्यों की पुलिस के साथ झड़प हो गई।बताया जा रहा है कि रैली को राजभवन तक जाना था और राज्यपाल को मामले पर ज्ञापन सौंपना था। जब पुलिस ने रैली को यहां से निकलने नहीं दिया तो हिंदु जागरण मंच के लोग अचानक ही एनआरएस अस्पताल के पास से रैली शुरु कर दी। पुलिस के तमाम रोकने के बाद भी मौलाली व एसएन बनर्जी रोड तक रैली आ गयी तो पुलिस ने लाठी भांज कर रैली को रोका। पुलिस ने बताया कि रैली बिना अनुमति के ही निकाली गयी थी और जिससे मध्य कोलकाता में यातायात जाम हो गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बैरिकेड को तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास करने वाले मंच के सदस्यों पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।पुलिस अधिकारी ने बताया कि राकेश सहनी, पंकज सिंहानिया, कुशल पाण्डेय, सुबोध दास सहित 60 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि भगवा खेमे का दावा है कि पुलिस ने 150 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस बताया कि डीसी (मध्य) सुधीर कुमार नीलकांतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को स्थिति से निपटने के लिए तैनात किया गया है। शहर में हिंदूवादी संगठनों के सदस्यों पर हमले की कथित घटनाओं के विरोध में सियालदाह से एस्पलेनेड के बीच रैली निकाली जानी थी। इधर आरएसएस कार्यकर्ता पर गोली चलाने के के आरोपी के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले आरएसएस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने ममता बनर्जी पर हमला बोला है। उन्होंने आज ट्वीट कर सीएम बनर्जी से सवाल पूछा है कि उनके राज में हिंदुओं को रहने का अधिकार है या नहीं?विजयवर्गीय ने कोलकाता पुलिस पर आरोप लगाया कि उन्होंने तकरीबन डेढ़ सौ आरएसएस कार्यकर्ताओं को इसलिए गिरफ्तार कर लिया क्योंकि वे बीजेपी कार्यकर्ता बीरबहादुर पर गोली चलाने वाले आरोपी टीएमसी के रहमत अंसारी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। उन्होंने अपने ट्वीट के साथ प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी का विडियो भी शेयर किया है।गौरतलब है कि बीते सोमवार को गार्डेनरीच के मटियाबु्रज इलाके में आरएसएस कार्यकर्ता बीरबहादुर को गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद बीजेपी ने आरोप लगाया कि यह हमला टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने कराया है। इसे लेकर बीजेपी और आरएसएस के कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह विरोध प्रदर्शन भी किया।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •