भाजपा उम्मीदवार ने लगाया तृणमूल पर साजिश का आरोप

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जादवपुर से उम्मीदवार अनुपम हाजरा ने आज तृणमूल कांग्रेस पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है।लेकिन अनुपम हाजरा बीरभूम तृणमूल प्रमुख अनुब्रत मंडल से उनके पार्टी कार्यालय में गले मिलने के बाद खुद पार्टी की आंख की किरकिरी बन गये हैं। अनुपम के उक्त कार्य का पार्टी में जमकर निचले से लेकर तमाम स्तर पर विरोध हो रहा है। अनुपम इससे एक दिन पहले राज्य के सत्तारूढ़ पार्टी के बीरभूम प्रमुख अनुब्रत मंडल से उनके पार्टी कार्यालय में मुलाकात की थी, जिससे भाजपा नेतृत्व की भौहें तन गई है। इधर आज अनुपम हाजरा ने अपनी ‘‘शिष्टाचार मुलाकात’’ का राजनीतिकरण करने का आरोप मीडिया पर लगाया।हाजरा गत मार्च महीने में तब तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे जब पार्टी ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निष्कासित कर दिया था। भाजपा उस समय असहज हो गई थी जब उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनुब्रत मंडल से मुलाकात की थी जिससे उनके पार्टी में वापसी की अटकलें शुरू हो गई थीं।उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के बीरभूम जिला अध्यक्ष मंडल से मुलाकात सोमवार को पार्टी कार्यालय में की थी। उसी दिन बीरभूम जिले की दो सीटों पर मतदान चौथे चरण के तहत हो रहा था। उन्होंने प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी नेता मुकुल रॉय के साथ एक संवाददाता सम्मेलन किया। हाजरा ने कहा, ‘‘मैंने अनुब्रत मंडल से कल एक शिष्टाचार मुलाकात की थी। इसका राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। उनकी मां का कुछ महीने पहले निधन हो गया था इसलिए मैं उनसे मिलने गया था। इसमें गलत क्या है? मीडिया इसका बेवजह राजनीतिकरण कर रहा है।’’ जादवपुर सीट के लिए मतदान आखिरी चरण में 19 मई को होगा।हाजरा ने इन अटकलों को खारिज किया कि वह चुनाव के बाद ममता बनर्जी की पार्टी में वापसी कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे तृणमूल कांग्रेस छोड़ने के कारणों में से एक कारण अनुब्रत मंडल के साथ मेरे मतभेद थे क्योंकि उनके काम करने का तरीका मुझे पसंद नहीं था।’’ हाजरा के बचाव में उतरे रॉय ने कहा कि हाजरा ‘‘राजनीतिक षड्यंत्र’’ के पीड़ित हैं। भाजपा ने सोमवार को हाजरा से उनकी मुलाकात के बारे में स्पष्टीकरण मांगा था। हाजरा 2014 में बीरभूम जिले की बोलपुर सीट से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते थे। हाजरा ने सोमवार को कहा, ‘‘मैं अनुब्रत मंडल से उनकी मां के निधन पर संवेदना जताने गया था।’’ यह पूछे जाने पर क्या वह फिर से तृणमूल कांग्रेस में शामिल होंगे, उन्होंने कहा था कि यह केवल समय बता सकता है।मंडल ने कहा था कि वह हाजरा से मिले थे लेकिन जादवपुर सीट से जीत की शुभकामना नहीं दी थी। उन्होंने कहा था, ‘‘यदि वे (हाजरा) अपनी गलती स्वीकार कर लेते हैं, वे हमारे पास (तृणमूल कांग्रेस) वापस आ सकते हैं। मैं उन्हें फिर से सांसद बना सकता हूं। मैं इसके बारे में ममता बनर्जी से बात कर सकता हूं।’’ नाराज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि वे इसके बारे में हाजरा से बात करेंगे। घोष ने कहा था, ‘‘उन्होंने (हाजरा) कहा है कि वह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। लेकिन बेहतर होता कि उन्होंने अनुब्रत मंडल से किसी अन्य दिन मुलाकात की होती। हमारी पार्टी में एक अनुशासन है और हम सभी को इसे बरकरार रखना होता है।’’

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •