कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए पांच मई को छठे एवं आखिरी चरण के लिए होने वाले मतदान के लिये किया जा रहा चुनावी शोर मंलवार की शाम थम गया।   पांच मई को करीब 58 लाख मतदाता 170 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। कूचबिहार और पूर्वी मिदनापुर जिले के 25 निर्वाचन क्षेत्रों से 18 महिलाओं सहित कुल 170 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

गुरुवार को मेकलीगंज (सुरक्षित), मथाभंगा (सुरक्षित), कूचबिहार उत्तर (सुरक्षित), कूचबिहार दक्षिण, सीतलकूची (सुरक्षित), सिताई (आरक्षित), दिनहाटा, नताबरी, तूफानगंज, तमलूक, पंष्कुरा पूर्व, पंष्कुरा पश्चिम, मोयना, नन्दकुमार, महिसादल, हल्दिया (सुरक्षित), नन्दीग्राम, चांदीपुर, पतसपुर, कांठी उत्तर, भगबानपुर, खेजुरी (सुरक्षित), कांठी दक्षिण, रामनगर और एगरा में मतदान होगा।

आखिरी चरण के तहत 27,80,150 महिलाओं और 68 किन्नरों सहित 58,04,019 मतदाता 170 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। इसके लिए 6,765 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। मेकलीगंज (सुरक्षित), दिनहाटा और पांसकुड़ा पश्चिम से सर्वाधिक नौ-नौ उम्मीदवार चुनावी मैदान में है जबकि पंष्कुरा पूर्व, मोयना, नंदीग्राम, पतसपुर, खेजुरी (सुरक्षित), एगरा में सबसे कम पांच-पांच उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

मेकलीगंज (सुरक्षित) से दो, कूचबिहार दक्षिण से तीन, दिनहाटा और हल्दिया से दो-दो महिला उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस सभी 25 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किये हैं। वाम दलों में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक 17 सीटों पर जबकि कांग्रेस सिर्फ चार सीटों पर अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं।

ज्ञात रहे कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी, माकपा के राज्य सचिव सूर्यकांत मिश्रा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी सहित कई स्टार प्रचारक रहे हैं। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये हैं। सभी 269 सीटों का परिणाम 19 मई को आएगा।

 

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •