हिंदुस्तान क्लब की दसवीं मंजिल से नीचे गिरे
छलांग लगाकर खुदकुशी का संदेह
घटना से सन्न महानगर का उद्योग जगत

जगदीश यादव
कोलकाता। महानगर कोलकाता के व्यवसायी समाज में आज तब हड़कंप मच गया जब पता चला कि कोलकाता के प्रसिद्ध उद्योगपति सांवरमल भीमसरिया (74) की मौत रहस्यमय तौर पर हो गई। खबर के लिखे जाने तक कहा जा रहा है कि कोलकाता नगर निगम के पूर्व कांग्रेस पार्षद ने प्रसिद्ध उद्योगपति सांवरमल भीमसरिया ने आज सुबह महानगर कोलकाता का हाई प्रोफाईल हिंदुस्तान क्लब की दसवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या की है। मृतक महानगर कोलकाता के एक प्रतिष्ठित समाजसेवी के तौर पर भी ख्यात थे। जसने भी उक्त खबर को सुना वह सन्न हो गया। बताया गया है कि रोज की तरह आज सुबह वह टहलने के लिए विक्टोरिया मेमोरियल मैदान गए थे। उसके बाद शरत बोस रोड स्थित इस हिंदुस्तान क्लब में पहुंचे और दसवीं मंजिल पर जाकर छलांग लगा दी। वे ऊपर से सीधे नीचे पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के बीच गिरे थे। गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने देखा कि वे रक्तरंजित हालत में पड़े हुए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किस कारण उन्होंने आत्महत्या की है, इस बारे में पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है। किसी तरह का कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पुलिस उनके साथियों, परिजनों और सहकर्मियों से बातचीत मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बालीगंज थाना इलाके में स्थित जिस हिंदुस्तान क्लब की छत से उन्होंने छलांग लगाई है वह कोलकाता के सबसे बड़े क्लबों में से एक है। देश दुनिया के प्रतिष्ठित उद्योगपति और बड़े लोग इसमें शामिल रहते हैं। इस क्लब के अध्यक्ष भी सांवरमल रह चुके थे। वर्तमान में वह सदस्य थे। मूल रूप से राजस्थान के रतननगर निवासी सांवरमल ने 1984 में कोलकाता नगर निगम के 43 नंबर वार्ड से कांग्रेस पार्षद के तौर पर जीत दर्ज की थी। वह बोरो चेयरमैन भी रह चुके थे। वे कोलकाता मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष भी थे। शेरो-शायरी और साहित्य लेखन के भी शौकीन थे। उन्होंने कुछ किताबें भी लिखी हैं। सांवरमल ने लंबे समय से राजनीति से सन्यास ले रखा था। पुलिस ने जांच शुरू की है। घटना स्थल पर होमीसाइड की टीम भी पहुंची है। बहरहाल सांवरमल की मौत कैसे हुई है यह अभीतक अधिकारिक तौर पर रहस्य ही माना जा रहा है। वहीं पुलिस के वरीय पदाधिकारी भी उक्त मामले पर ज्यादा कुछ कहने से बच रहे है। तमाम वरीय पुलिस अधिकारी मामले पर बात ही नही करना चाह रहे थे। जब तक उक्त मामले पर अधिकारिक तौर पर पुलिस द्वारा पुष्टी नहीं की जाती काफी कुछ कहना सिर्फ कयास ही कहा जा सकता है। पुलिस घटना स्थल के पास से मिले सांवरमल की मोबाइल फोन, कागजात, कार्ड सहित अन्य दस्तावेजो की जांच भी कर रही है।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •