कोलकाता। महानगर कोलकाता की पोर्ट पुलिस को बिहार में एक अभियान को अंजाम देने में बड़ी सफलता मिली है। कोलकाता पुलिस की एक टीम ने  महुआ थाना क्षेत्र के बेलकुंडा गांव से कोकीन सप्लाई करने वाला अन्तर्राज्यीय तस्कर पप्पू सिंह को गिरफ्तार किया है। उसने 30 लाख रुपए का कोकीन सप्लाई को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसे महुआ थाना क्षेत्र के बेलकुंडा गांव से धर दबोचा। बिहार व कोलकाता पुलिस ने बताया कि कोलकाता के वाटगंज थाना क्षेत्र में गत 19 जुलाई को पुलिस ने उत्तराखंड के अल्लाउद्दीन तसगर को एक दुकान में ड्रग सप्लाई के दौरान गिरफ्तार किया था। उसके पास से 240 ग्राम कोकीन बरामद किया था। जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 30 लाख रुपए आंकी गई थी। अल्लाउद्दीन ने पुलिस को बताया था कि बिहार के वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के ड्रग सप्लायर का वह कूरियर का काम करता है। मामला अन्तर्राज्यीय ड्रग से जुड़ते ही वाटगंज थाने की पुलिस ने इसकी जांच कोलकाता के स्पेशल स्टाफ पोर्ट डिवीजन को सौंप दी। अल्लाउद्दीन की निशानदेही पर एसएसपीडी की टीम हाजीपुर पहुंची। पप्पू सिंह के एक अन्य साथी को पकड़ने के लिए पुलिस जिले में छापेमारी कर रही है। पुलिस ने महनार थाना क्षेत्र के रुपनारायणपुर गांव से विनोद राय और जंदाहा थाना क्षेत्र के अरनिया गांव से राजकुमार सिंह को भी हिरासत में लिया है। इधर खबर मिली है कि सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में ब्राउन शुगर की खेप थाईलैंड से पहुंच रही है। थाईलैंड के तस्कर इसे कोलकाता पोर्ट तक पहुंचा देते हैं। यहां से यह देश के विभिन्न भागों में भेजा जाता है। यह खुलासा सप्लायरों ने पुलिस के सामने किया है। आदित्यपुर के तस्कर भी वहीं से ब्राउन शुगर लाते हैं। यहां के कई इलाकों में इसका कारोबार धड़ल्ले से जारी है। इसमें कुख्यात कादिम की पत्नी की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक इस अवैध कारोबार का केंद्र जमशेदपुर का धतकीडीह है। इसकी गिरफ्त में कई बड़े संस्थान के छात्र भी हैं। पूछताछ में ब्राउन शुगर सप्लायरों के कई अहम खुलासों ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। बहरहाल देखना है कि कोलकाता पोर्ट पुलिस ड्रग तस्करों का सफाया कैसे करती है।

 

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •