मालदा। राज्य के अस्पतालों में मरीजों के मौत के बाद हंगामा थम नहीं रहा है।  एक मरीज की मौत के बाद बुधवार सुबह मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पूरा रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। इस दौरान अस्पताल में मरीज के परिजनों ने जमकर तोड़फोड़ की। परिस्थिति को नियंत्रित करने के लिए इंग्लिश बाजार थाने से बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल में मृत व्यक्ति का नाम कायेम अली (50) था। मंगलवार रात रक्त की कमी से जूझ रहे कायेम अली को मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया। देर रात उनकी तबीयत बिगड़ गयी। उस समय अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने कायेम के परिजनों को रक्त का इंतजाम करने को कहा। अस्पताल के बाहर से अधिक दाम पर रक्त खरीदकर जब कायेम के परिजन अस्पताल के वार्ड में जाने लगे। उस समय मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी ने उन्हें वार्ड में घुसने से रोक दिया। परिवार के लोगों का आरोप है कि इसको लेकर सुरक्षा कर्मी के साथ उनका विवाद भी हुआ। इसके कुछ ही देर बाद बुधवार तड़के कायेम की मृत्यु हो गयी। इसके बाद कायेम के परिजन उग्र हो गये और अस्पताल के सुरक्षाकर्मी की पिटाई कर दी। शनिवार रात भी मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट हुई थी। उसके बाद बुधवार सुबह भी सुरक्षाकर्मियों को अस्पताल में पीटा गया और जमकर तोड़फोड़ की गयी। अस्पताल के इमरजेंसी विभाग और ओपीडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तोड़फोड़ की घटना से अन्य मरीजों में भी आतंक है। अस्पताल में तोड़फोड़ की घटना की खबर सुनकर इंग्लिश बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और परिस्थिति को काबू किया। पूरे घटना के बारे में मृतक के परिवार की ओर से इंग्लिश बाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवायी गयी है। अस्पताल की तरफ से सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और सरकारी संपत्ति को नष्ट करने का आरोप भी मृतक के परिजनों के खिलाफ लगाया गया है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •