बेलियाघाटा वृद्धा व लेदर कंपलेक्स में युवती की हत्या

कोलकाता। जहां लोग दुर्गोत्सव के आनन्द में मतवाले होकर खउशियां मना रहे थें वही महानगर कोलकाता में दो अलग अलग जगहों पर दो लोगों की हत्या की वारदात ने रंग में भंग डाल दिया। इस घटना से इलाके में जहां सनसनी फैल गयी वही पुलिस महकमें को हैरत में डाल दिया। बेलियाघाटा थाना इलाके में एक परिचित युवक के हाथों एक वृद्धा की हत्या हुई है जबकि कोलकाता लेदर कंपलेक्स थाना क्षेत्र में एक 18 साल की लड़की का शव बरामद किया गया है। उसके गले पर आघात के निशान हैं। दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है या ऐसे ही किसी ने उसे मार कर फेंका है, इस बारे में पुलिस जांच में जुट गई है। पहली घटना बेलियाघाटा थाना इलाके की है। यहां अकेली रहने वाली आभा साहा उर्फ आवारनी नाम की एक वृद्धा को इलाके के ही एक प्लंबर ने देर रात मार डाला। आरोपी का नाम बापी मंडल (26 साल) है। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। सोमवार की सुबह बेलियाघाटा थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 4 नंबर गगन सरकार रोड में रहने वाली आभा देर रात जोर-जोर से चीख रही थी। वह अकेली ही रहती थी| इसलिए उसकी चीखने की आवाज सुनकर एक पड़ोसी महिला दौड़कर उसके घर के पास पहुंची। उसने देखा कि आभा के घर का दरवाजा खुला हुआ है और ग्रील भी कटी हुई है। उसे संदेह हुआ। इस बीच वह वृद्धा लगातार चीखती जा रही थी। तुरंत वह महिला अंदर जा पहुंची तो उसने देखा कि आभा को नीचे जमीन पर पटक कर बापी मंडल लगातार उन पर धारदार हथियार से वार कर रहा था। उस महिला ने इस दृश्य को देखने के बाद चीख-चीख कर पड़ोसियों के एकत्रित कर लिया। वृद्धा के लगातार चीखने के कारण पहले से ही कुछ लोग घटनास्थल के आसपास मौजूद होने लगे थे। इस बीच बापी भागने की कोशिश करने लगा लेकिन उसे पकड़ लिया गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और आभा को अस्पताल पहुंचाया जहां उसने सोमवार तड़के दम तोड़ दिया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि पगलाडांगा रोड के रहने वाले बापी मंडल इलाके में प्लंबर का काम करता है। प्राय: सभी लोगों से उसका परिचय था। वह वृद्धा अकेली रहती थी, इस बात से वह परिचित था। संभवतः चोरी के इरादे से वह घर में घुसा था और वृद्धा ने जब इसमें बाधा देनी चाही तो उसने उसे मार डाला। पुलिस उससे पूछताछ कर हत्या की वजह को समझने में जुट गई है। दूसरी घटना लेदर कांप्लेक्स थाना इलाके की है। सोमवार की सुबह पुलिस की टीम ने संदिग्ध हालत में एक युवती का शव बरामद किया है। उसके गले पर आघात के निशान हैं। एमआर बांगुर अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है। प्राथमिक जांच में इस बात की पुष्टि हुई है कि संभवतः गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। उसकी मेडिकल जांच भी कराई जा रही हैं ताकि यह पता चल सके कि उसके साथ दुष्कर्म की वारदात हुई है या नहीं। पुलिस ने इस बारे में फिलहाल मुंह खोलने से इनकार कर दिया है। जहां से उसका शव बरामद किया गया है वहां का सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपित को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। दरअसल दुर्गा पूजा के दौरान पंचमी से लेकर दशमी तक पुलिस की टीम दुर्गा पूजा पंडाल और राजधानी में उमड़ने वाले लोगों की सुरक्षा में जुटी रहती है। इसका लाभ बड़े पैमाने पर अपराधी उठाते हैं और चोरी, डकैती हत्या आदि वारदातें इस दौरान होती रहती हैं।बहरहाल पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।
Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •