सम्भावित आपदा के मद्देनजर राज्य सरकार ने जारी किया टोल फ्री नंबर

कोलकाता। बंगाल की दुर्गा पूजा की गूंज सात समन्दर पार भी सुनायी देती है। यह उत्सव केवल राज्य के लिये ही नहीं बरन देश के लिये भी गर्व की बात है।  दुनिया से करोड़ों की संख्या में लोग कोलकाता सहित राज्य के अन्य हिस्सों में बनने वाले विशेष पूजा पंडालों को देखने के लिए उमड़ते हैं। इस दौरान यातायात सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य परिवहन विभाग ने राजधानी से आसपास के इलाकों में 500 अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। वहीं दुर्गा पूजा में सम्भावित आपदा से सुरक्षा के तहत राज्य सरकार ने  टोल फ्री नंबर भी जारी किया है। आज राज्य परिवहन विभाग की ओर से जारी की गई विज्ञप्ति में इस बात की जानकारी दी गई है। इसमें बताया गया है कि दुर्गा पूजा के दिनों में दोपहर से लेकर दूसरे दिन सुबह तक महानगर कोलकाता और सुदूर राज्य के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर यातायात के साधन मुहैया कराए जाएंगे। अमूमन 700 बसें राजधानी में सरकारी तौर पर दैनिक स्तर पर चलती हैं और 500 अतिरिक्त बसों को उनके साथ लगाया गया है, जो शिल्पांचल के विभिन्न क्षेत्रों से महानगर के कोने-कोने में यात्रियों को पहुंचाएंगी। चतुर्थी से नवमी तक ये बसें चलेंगी। इसके अलावा यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कंट्रोल रूम खोलने का निर्णय लिया गया है। मेट्रो और अन्य महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों के अलावा राजधानी कोलकाता के महत्वपूर्ण चौराहों से शटल सेवा की भी व्यवस्था की गई है। विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह शटल सेवा गरिया से गरियाहाट, हावड़ा से सियालदह, श्यामबाजार से बैरकपुर, करुणामयी से सियालदह, टॉलीगंज से ठाकुरपुकुर, टॉलीगंज से बेहाला और अन्य रूटों में चलाई जाएगी। इसके अलावा ट्राम परिसेवा भी उपलब्ध रहेगी। यह सारी परिवहन सुविधाएं दोपहर बाद रात भर चलेंगी। उल्लेखनीय है कि राज्य परिवहन विभाग ने एक विशेष अभियान शुरू किया है जिसमें कोई भी यात्री किसी भी सरकारी बस, ट्राम या जेटी का टिकट लेकर 24 घंटे राजधानी और शिल्पांचल में घूम सकता है। इसके अलावा इसी टिकट से उत्तर में बैरकपुर से बारासात के बीच और दक्षिण में ठाकुरपुकुर से बारुईपुर तक घूम सकता है। पूर्व में न्यूटाउन तक और पश्चिम में हावड़ा तक एक ही टिकट पर यात्री जीतनी बार चाहे उतनी बार घूम सकता है। इसके अलावा उसी टिकट पर गंगा नदी में अरियादह घाट से मिलेनियम पार्क तक जेटी सेवा का भी लाभ ले सकता है। इधर सुरक्षा के मद्देनजर राज्य पुलिस, खुफिया एजेंसियां, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों तो सतर्क हैं ही। साथ ही राज्य सरकार ने दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी तरह की मुसीबत में पड़े लोगों की मदद के लिए टोल फ्री नंबर 1070 जारी किया है। सचिवालय के अधिकारियों को भी राज्य सरकार ने विशेष तौर पर चौबीसों घंटे इस नंबर के कंट्रोल रूम का दायित्व संभालने के लिए नियुक्त कर दिया है। आज राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से यह जानकारी दी गई है। राज्य सरकार ने दुर्गा पूजा के दौरान पंचमी से एकादशी तक लोगों की किसी भी तरह की समस्या के बारे में सभी विभागों के बीच समन्वय बनाने के लिए कंट्रोल रूम खोला है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग यानी नवान्न स्थित कार्यालय में चलने वाले इस टॉल फ्री नम्बर पर आने वाले फोन कॉल को संभालने की जिम्मेदारी संयुक्त सचिव स्तर के आईएएस अधिकारियों को दी गई है। ऐसा नहीं है कि केवल आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी ही इसे संभालेंगे बल्कि सभी विभागों के अधिकारियों को सप्ताह में किसी न किसी दिन यहां बैठकर कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी संभालनी होगी। उक्त अधिकारी ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान पंचमी के दिन से ही कंट्रोल रूम शुरू हो जाएगा। इसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा घूमने निकला कोई भी व्यक्ति किसी भी तरह की समस्या में पड़ता है तो इस कंट्रोल रूम में फोन कर जानकारी दे सकता है। यहां से पुलिस, यातायात और आपदा प्रबंधन समेत तमाम विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश व सूचनाएं प्रेषित की जाएंगी। कहीं सड़क की समस्या हो या यातायात की भीड़ में किसी तरह की संदिग्ध बात हो या अग्निशमन अथवा किसी भी तरह की आपातकालीन परिस्थिति 1070 पर फोन कर मदद मांगी जा सकती है। यह चौबिसों घंटे खुला रहेगा।
Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •