महानगर सहित राज्यभर में विरोध प्रदर्शन व हंगामा

कोलकाता।इस्लामपुर स्थित द्वारीभीटा हाईस्कूल में छात्रों पर फायरिंग के खिलाफ महानगर सहित पूरे राज्य भर में हंगामा के साथ ही विरोध प्रदर्शन का दौर चलता रहा। उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर स्थित द्वारीभीटा हाईस्कूल में बांग्ला की जगह उर्दू शिक्षकों की नियुक्ति के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस फायरिंग में दो छात्रों की मौत के खिलाफ शनिवार को राज्यभर में प्रदर्शन किया गया है। कोलकाता, उत्तर दिनाजपुर समेत राज्य के सभी हिस्सों में व्यापक प्रदर्शन किया गया है। राजधानी कोलकाता के श्यामबाजार स्थित पांच माथा मोड़ पर आज दोपहर 12:00 बजे के करीब एबीवीपी के कार्यकर्ता भारी संख्या में एकत्रित हुए एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चक्का जाम किया। शनिवार दोपहर के समय अचानक इनके प्रदर्शन की वजह से आसपास से गुजरने वाली वाहनों को काफी देर तक रोकना पड़ा। इस प्रदर्शन के दौरान कोलकाता पुलिस के साथ एबीवीपी के कार्यकर्ताओं की झड़प भी हुई लेकिन किसी को बहुत अधिक चोट नहीं आई है। कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। इन लोगों का आरोप था कि बांग्ला की जगह गैर कानूनी तरीके से उर्दू शिक्षक की नियुक्ति की गई ताकि लोकसभा चुनाव से पहले इलाके में तुष्टीकरण की राजनीति की जाए। छात्रों ने जब इसका विरोध किया तब राजेश सरकार (27) और तापस बर्मन (21) नाम के दो छात्रों को पुलिस ने गोली मार दी। इसी तरह से शनिवार सुबह 10:00 बजे के करीब उत्तर दिनाजपुर के रायगंज थाना इलाके के संगम स्थल पर दुर्गापुर 34 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग को भी एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने एक घंटे के लिए जाम कर दिया। पुलिस की तत्परता के बाद उन्हें समझा-बुझाकर हटाया जा सका। उत्तर 24 परगना के अशोकनगर में भी 35 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जाम कर दिया। इसके अलावा बनगांव और बारासात में भी एबीवीपी और भाजपा समर्थित संगठनों ने व्यापक विरोध प्रदर्शन किया है। दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में भी संघ समर्थक कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कई जगहों पर पुलिस के साथ विरोध प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की हुई। इधर राजधानी कोलकाता के बेहला 8बी बस स्टैंड पर एसएफआई के छात्रों के साथ विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की धक्का-मुक्की हुई। एसएफआई ने घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। छात्र हड़ताल का व्यापक असर इसके अलावा उत्तर दिनाजपुर के विस्तृत इलाके में एबीवीपी की ओर से आहूत बंद का व्यापक प्रभाव पड़ा है। रायगंज शहर इलाके में किसी भी स्कूल में छात्र-छात्राएं मौजूद नहीं थे। शिक्षकों की मौजूदगी के बावजूद छात्र पढ़ने के लिए नहीं पहुंचे थे। ज्ञात हो कि गुरुवार को उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर में द्वारीभिटा हाई स्कूल में बांग्ला शिक्षक की नियुक्ति को की मांग पर करीब 2000 छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। आरोप है कि छात्र पुलिस पर ईट पत्थर आदि फेंक रहे थे। इस बीच पुलिस ने छात्रों पर आंसू गैस के गोले छोड़े, रबड़ की गोलियां चलाई और लाठीचार्ज भी किया लेकिन बाद में मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दे दिया।
Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •