कोलकाता। माझेरहाट पुल हादसे में मृत सोमेन बाग (24) के मां-बाप ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर सवाल उठाया है जिसमें उन्होंने कहा था कि दुर्घटना हो सकती है। हादसे में मारे गए सोमेन का सप्ताहिक क्रिया कर्म संपन्न हुआ। बुधवार को परिवार ने मीडिया से बातचीत के दौरान ये सवाल उठाया। बेहला के शिलपाड़ा स्थित मामा के घर पर ही सोमेन बचपन से रह रहा था और यही से उसने कॉमर्स में स्नातक की पढ़ाई की थी। फिलहाल उसकी मां अनीता बाग और पिता प्रदीप बाग दोनों ही उसके मामा के घर आए हुए हैं। बेटे के घर पूछने पर मां अनीता देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री कहती हैं कि दुर्घटना हो सकती है, तो क्या इस तरह की दुर्घटनाएं होंगी कि सरकारी तौर पर जिन फ्लाईओवरों की मरम्मत की जिम्मेदारी राज्य सरकार की थी उसे गिरने के लिए छोड़ दिया गया? अनीता ने अपने बेटे की किताबों को दिखाते हुए कहा कि पढ़ने में वह पूरी तरह से मन लगाता था। किसी को दरखास्त लिखना हो, किसी को दवा की रसीद दिखाना हो, किसी को किसी तरह का कोई भी दस्तावेज दिखाना हो, तो सारे लोग सोमन के पास आते थे। पूरे इलाके के लोग उसे बेहद प्यार करते थे। दुर्घटना वाले दिन कॉलेज स्ट्रीट से किताब खरीद कर ही वह अपने दोस्तों के साथ उस अभिशप्त फ्लाईओवर के नीचे से गुजर रहा था जिस दौरान यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि घटना के लिए पूरी तरह से राज्य सरकार का लोक निर्माण विभाग जिम्मेवार है। फ्लाईओवरों की देखरेख की जिम्मेदारी जब राज्य सरकार की है तो क्यों नहीं इसकी मरम्मत कराई गई थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि एक सप्ताह से अधिक का समय बीत गया लेकिन आज तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई‌। उनके बेटे की मौत के लिए पूरी तरह से सरकारी कर्मचारियों की लापरवाही जिम्मेवार है और उन्हें हर हाल में सजा होनी चाहिए। अनीता ने कहा कि राजधानी में कई फ्लाइओवर हैं। मेरी तरह किसी और मां की कोख ना उजड़े, इसके लिए राज्य सरकार को तुरंत कदम उठाना चाहिए। दो और लोगों की मौत के बारे में जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कहती हैं कि दुर्घटना कभी भी हो सकती है, तो क्या दुर्घटना बड़ा या छोटा होने को लोगों की मौत की संख्या से मापा जायेगा? सिर्फ तीन लोगों की मौत हुई इसीलिए छोटी घटना है और कभी भी हो सकती है? मुख्यमंत्री का यह बयान दु:खद है। सरकारी विभाग की ओर से उन्हें 5 लाख रुपये का चेक मिल गया है लेकिन इससे उनका बेटा वापस नहीं आएगा।
Spread the love
  • 2
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
    2
    Shares
  •  
    2
    Shares
  • 2
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •