41 से ज्यादा घायलों में कई की स्थिति गंभीर

कोलकाता। बेकाबू वाहनों के तेज रफ्तार के कारण बिते चौबीस घंटो में महानगर सहित राज्य में कई जगहों पर अलग अलग सड़क हादसों में दो पुलिस कर्मियों सहित कुल छह लोगों की मौत हो गई जबकि 41 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। पुलिस व स्थानीय लोगों ने बताया कि नदिया जिले के नकासीपाड़ा में 34 नम्बर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह एक सड़क हादसे में दो पुलिस कर्मियों सहित तीन लोगों की मौत हो गई और एक पुलिस कर्मी घायल हो गया। मृतकों के नाम तरुण कुमार दास, मोहम्मद मसूद और प्रभाष महतो बताए गए हैं। इसमें प्रभास बाबू गाड़ी चला रहे थे। एक अन्य घायल पुलिसकर्मी का नाम सत्यव्रत भौमिक बताया गया है। उसे गंभीर हालत में पहले शक्तिनगर अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे कोलकाता रेफर कर दिया गया। सोमवार सुबह रायगंज से एक निजी गाड़ी से तीन पुलिसकर्मी व चालक कोलकाता जा रहे थे। इसी दौरान नदिया के नाकासीपाड़ा थाना के गाछा बाजार के समीप 34 नम्बर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़ी एक लॉरी में उनकी अनियंत्रित गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे घटना स्थल पर ही दो पुलिस कर्मियों और चालक की मौत हो गई। दुर्घटना के कारण करीब एक घंटे तक वाहनों का परिचालन बंद रहा। खबर पाकर मौके पर पहुंची नकासीपाड़ा की पुलिस ने रास्ते से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया। जबकि मुर्शिदाबाद जिले के हरिहरपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के गंगाप्रसाद हाई मदरसा के सामने आज ही सुबह तकरीबन दस बजे एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से छात्रा मेनुका खातून (12) की मौत हो गई। मृतका गंगाप्रसाद हाई मदरसा में कक्षा छह की छात्रा थी। सुबह मेनुका पढ़ने के लिये मदरसा आ रही थी तभी मदरसे के सामने पत्थर से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। इधर हुगली जिले के जयरामपुर इलाके में आज यात्री बस नाले में पलट गई। हादसे में बस के नीचे दबने से एक महिला एवं शिशु की मौत हो गई, जबकि 35 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को आरामबाग महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां छह यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जाता है कि यहां दो बसों के बीच आगे निकलने की होड़ चल रही थी। इस दौरान एक बस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई और फिर सड़क किनारे नाले में पलट गई। वहीं मालदह-लालगोला राज्य सड़क पर रविवार की देर रात हुई सड़क दुर्घटना में चार महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को मालदह मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां दो की हालत गंभीर बतायी जा रही है। बताया जा रहा है कि बारातियों से भरी गाड़ी हबीबपुर थानान्तर्गत मोदिपुकुर इलाके से मध्यमकेंदुआ ग्राम वापस आ रही थी। उसी समय नियंत्रण खोकर गाड़ी एक पेड़ से जा टकरायी।
Spread the love
  • 5
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
    5
    Shares
  •  
    5
    Shares
  • 5
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •