राज्य नेताओं के लिए कार की खरीदारी भी शुरू

कोलकाता। राज्य में होने वाले उपचुनावों और पंचायत चुनावों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने वाली भाजपा अब अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले अपने प्रदेश मुख्यालय और दूसरे शहरों में स्थित पार्टी के दफ्तरों के लिए बेहतर जगहें तलाश रही है। वह आम चुनावों से पहले ही महानगर स्थित अपने मुख्यालय को किसी बड़ी जगह पर शिफ्ट करना चाहती है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि विभिन्न जिलों व शहरों में पार्टी के दफ्तरों के लिए नई जगहों की तलाश की जा रही है।उन्होंने बताया कि कुछ जिलों में पार्टी का नया दफ्तर बन कर तैयार हो गया है और कुछ में इसका निर्माण कार्य चल रहा है। घोष के मुताबिक, पार्टी आम चुनावों से पहले मुख्यालय के लिए मौजूदा मुख्यालय भवन के पास ही एक बड़ी इमारत किराए पर लेने का प्रयास कर रही है। राज्य में पार्टी 36 सांगठनिक जिलों में बंटी है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि ऐसे सभी जिलों में पार्टी का आधुनिक दफ्तर बनाया जाएगा।भाजपा के प्रदेश महासचिव सुभाष नस्कर का कहना है कि माकपा व तृणमूल कांग्रेस के ब्लाक स्तर के दफ्तर जितने भव्य हैं उतने भव्य भाजपा के जिलास्तरीय दफ्तर भी नहीं हैं। लेकिन अब उनकी जगह या तो किराए पर बड़ा मकान लेने या अपना नया दफ्तर बनाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि नए दफ्तरों के लिए जगह की शिनाख्त कर ली गई है।सूत्रों के मुताबिक, महानगर में पार्टी के नए मुख्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा भी रहेगी। इसके जरिए जिलास्तरीय नेतृत्व के अलावा दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के साथ भी संपर्क बना रहेगा। पार्टी की गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने जिलास्तरीय नेताओं की आवाजाही के लिए नई कारें खरीदने का भी फैसला किया है। इसके अलावा सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं को मोटरसाइकिलें मुहैया कराई जाएंगी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि तमाम सांगठनिक जिलों से एक-एक कार खरीदने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर कुछ गाड़ियां किराए पर भी ली जाएंगी।अगले आम चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी राज्य में अपना संगठन मजबूत करने और राजनीतिक गतिविधियां तेज करने की कवायद में जुटी है। वैसे, हाल के चुनावों में माकपा व कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए वह पहले ही नंबर दो की कुर्सी पर काबिज हो चुकी है। हालांकि सत्तारुड़ तृणमूल कांग्रेस के साथ उसकी खाई अब भी काफी चौड़ी है। लेकिन पार्टी इसे तेजी से पाटने के फेर में जुट गई है।

Spread the love
  • 5
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
    5
    Shares
  •  
    5
    Shares
  • 5
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •