कोलकाता। महानगर में अगलगी का क्रम जारी है। सियालदाह में आज सुबह बिग बाजार के महिला परिधानों के शोरूम आग लग जाने से लाखों की संपत्ति जलकर स्वाहा हो गयी। दमकल सूत्रों ने आज यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि सुबह साढ़े 10 बजे शो रूम में आग की लपटें देखी गयी जिस पर एक घंटे में दमकल की तीन गाड़ियों से काबू पा लिया गया। दमकल कर्मियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर काले धुएं को बाहर निकाला और इसके बाद आग पर काबू पाया।आग संभवत एसी में शार्ट सर्किट की वजह से लगी। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही प्रशासन ने शापिंग मॉल को खाली करा लिया था। इधर बिग बाजार सूत्रों ने बताया कि बिग बाजार के कर्मियों ने माल की पहली मंजिल पर धुंआ निकलते देखा। कर्मियों ने माल में मौजूद फायर एक्सटिंगविशर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की और साथ ही घटना की सूचना दमकल विभाग़ को दी गई। इस दौरान माल में मौजूद खरीदारों में अफरा-तफरी मच गई और सभी बाहर निकल आये। देखते ही देखते बिग बाजार के सामने लोगों की भीड़ इकट्टा हो गई। इधर घटना की वजह से सियालदह-मौलाली सड़क पर यातायात भी बाधित हुआ। खबर पाकर घटनास्थल पर पुलिस एवं दमकल के तीन इंजन पहुंचे। करीब घन्टे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि अग्निकांड में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •