मेयर ने ओसी पर लगाया उनकी सुरक्षा में सेंध मारी का आरोप

कोलकाता। महानगर कोलकाता के मेयर व दमकल मंत्री शोभन चटर्जी ने पर्णश्री थाना के ओसी के खिलाफ पुलिस आयुक्त से शिकायत की है। मेयर ने पुलिस आयुक्त को एक चिट्ठी के मार्फत ही शिकायत की है। मेयर ने आरोप लगाया है कि पर्णश्री थाना के ओसी उनकी पत्नी रत्ना चटर्जी के कहे अनुसार काम कर रहे हैं। मंगलवार को पत्नी के खिलाफ पर्णश्री थाने में शिकायत दर्ज करवाने के बाद अब पर्णश्री थाना के ओसी के खिलाफ कोलकाता पुलिस आयुक्त को एक चिट्ठी लिखी है। मेयर ने पर्णश्री थाने के ओसी पर उनकी सुरक्षा में सेंध लगाने का आरोप लगाया है। मेयर का आरोप है कि पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाने के बावजूद पर्णश्री थाना के ओसी कार्यवाही नहीं कर रहे हैं, बल्कि वे रत्ना चटर्जी के सुविधा अनुसार काम कर रहे हैं। इसके साथ ही मेयर ने पर्णश्री स्थित घर पर नियुक्त निजी सुरक्षा कर्मियों को धमकाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने इस चिट्ठी में थाना अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई व पत्नी के खिलाफ भी कदम उठाने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि मेयर शोभन चटर्जी ने पत्नी रत्ना चटर्जी के खिलाफ मंगलवार को पर्णश्री थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया था कि महारानी इंद्रा दत्त रोड स्थित उनके पैतृक आवास पर उन्हें घुसने से रोका जा रहा है। उन्होंने बताया है कि उनके पैतृक आवास पर काफी संपत्ति तथा पत्नी से चल रहे मुकदमे के दस्तावेज हैं। इसके लिए उन्होंने निजी सुरक्षाकर्मी तैनात किया है और आवास पर आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का ब्यौरा रजिस्टर में लिखने को कहा है लेकिन उनका आरोप है कि उनकी पत्नी अनजान महिलाओं को लाती हैं और उनका ब्यौरा लिखने के लिए कहने वाले सुरक्षा कर्मियों को धमकाती हैं। दूसरी ओर पत्नी रत्ना चटर्जी से तलाक लेने के मामले में मेयर शोभन चटर्जी अडिग हैं। पत्नी के समझौतों के प्रस्ताव को नकारते हुए मेयर ने कोर्ट में एक हलफनामा दायर किया है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें पत्नी से तलाक चाहिए। बहरहाल देखना है कि मेयर की उक्त शिकायती चिट्ठी का क्या असर होता है।
Spread the love
  • 1
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
    1
    Share
  •  
    1
    Share
  • 1
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •