बम व गोलियों से दहला शहर
हमले में कईयों सहित गंभीर रुप से डीसीपी घायल
अराजक तत्वों द्वारा लूटपाट भी
मुर्शिदाबाद में भी तनाव पसरा
घटनाओं से आहत हुईं सीएम ममता बनर्जी
कहा, क्या राम ने अपने पास पिस्तौल रखने को कहा है …?

कोलकाता/ आसनसोल/मुर्शिदाबाद। हमेशा अपने ही में मस्त रहने वाले रानीगंज में आज हिंसा की आग ने शहर के अमन चैन में खलल डाल दिया। फिर क्या था शांत सा शहर रानीगंज हिंसा की बलि चढ़ गया। पुलिस व सूत्रों ने बताया कि रानीगंज में सोमवार की सुबह एक धार्मिक जुलूस निकालने की तैयारी के बीच ही हिल बस्ती में अचानक जुलूस पर पथराव किए जाने से पूरे शहर में हिंसा फैल गई। पथराव के बाद दो समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए। बम व गोलियों की आवाज से पूरा शहर थर्रा उठा। इस दौरान हिल बस्ती व शिव मंदिर रोड में कई घरों में अराजक तत्वों ने लूटपाट की और मंदिर को क्षतिग्रस्त कर दिया। जुलूस को लेकर पहले से पुलिस तैनात थी। हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया और आंसू गैस का प्रयोग भी किया।इसी बीच पूरे शहर में सामुदायिक हिंसा की बात फैल गई। मौका देख अराजक तत्वों ने शहर के कई इलाकों में लूटपाट शुरू कर दी। कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान पूरा शहर गोलियों व बम के धमाकों की आवाज से गूंजता रहा। कई लोग इस दौरान घायल हो गए। इसी बीच भीड़ को काबू करने के लिए रैफ को उतारा गया। पुलिस बल का नेतृत्व कर रहे डीसीपी अरिंदम राय चौधरी भी बुरी तरह से घायल हो गए। उनके हाथ में बम लगा है। फिलहाल उन्हें दुर्गापुर स्थित मिशन अस्पताल ले जाया गया है। समाचार लिखे जाने तक स्थिति पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो पाई है। इसी बीच केंद्रीय राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो रानीगंज जाने के लिए आसनसोल से रवाना हुए हैं। इधर अब मुर्शिदाबाद से भी हिंसा खबरें आई हैं। रामनवमी के अगले दिन यानी आज सुबह मुर्शिदाबाद में कुछ जगहों पर उपद्रवियों ने हिंसा फैलाने की कोशिश की। इधर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस हिंसा पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार इस मामले में कड़ाई से कार्रवाई करेगी। ममता बनर्जी ने कहा कि क्या राम ने कहा है अपने पास पिस्तौल रखने को…? राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे हंगामे से दुखी राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि बंगाल में काली पूजा, दुर्गा पूजा समेत कई दूसरे पर्व बड़ी ही शांति और सौहार्द भरे माहौल में मनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में रामनवमी के मौके पर अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों से कड़ाई से निपटा जाएगा। आपको बता दें कि रामनवमी पर्व के दौरान राज्य में कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार को सबसे पहले हिंसा की खबर पुरुलिया जिले से आई। बताया जा रहा है कि यहां एक संगठन ने बगैर प्रशासन से अनुमति लिए रैली आयोजित करने की कोशिश की। इस दौरान यहां हिंसा भड़क उठी और इस हिंसा में एक शख्स की मौत हो गई। हिंसा के दौरान तीन पुलिसकर्मी जख्मी भी हो गए थे।

Spread the love
  • 4
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
    4
    Shares
  •  
    4
    Shares
  • 4
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •