कोलकाता।रोहिंग्या शरणार्थियों के मुद्दे पर बॉलिवुड अभिनेत्री शबाना आजमी और कोयना मित्रा आमने-सामने आ गई हैं। कोएना मित्रा ने ट्विटर पर राज्य की सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए रोंहिग्याओं को शरण देना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया। कोएना के इस ट्वीट पर शबाना आजमी ने जवाब दिया। उनका कहना है कि सभी लोगों को आतंकवादी कहना गलत होगा।दोनों अभिनेत्रियों के बीच ट्विटर विवाद कोएना के एक ट्वीट से हुआ। दरअसल कोएना ने ट्वीट कर लिखा था, ‘रोहिंग्या को आतंकी गतिविधियों के चलते म्यांमार और श्रीलंका से बाहर कर दिया गया लेकिन सीएम ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में उन्हें जमीन दे रही है और रहने का स्थान दे रही है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है।’ इसके बाद शबाना आजमी ने कोएना को रोहिंग्या की एक तस्वीर पर टैग करते हुए लिखा, ‘संयुक्त राष्ट्र ने म्यांमार के रखाइन में किए गए सैन्य आक्रमण को जाति नरसंहार का एक उदाहरण बताया है जिसकी वजह से आधे से ज्यादा रोहिंग्याओं को पलायन करना पड़ रहा है। क्या सभी आतंकवादी हैं? दोबारा देखिए और सोचिए।’ इस पर कोएना ने कहा, ‘सवाल ये है कि हम बाहरी लोगों को यहां शरण क्यों दे रहे हैं? हम दोनों महाराष्ट्र में रहते हैं और उनकी दिक्कतों को समझना मुश्किल है। मुझे मीडिया से ज्यादा इस विषय में बाकी लोगों से जानकारी मिली है। मेरे कई करीबी पश्चिम बंगाल में रह रहे हैं।’ इसके बाद शबाना ने रोहिंग्या शरणार्थियों की मार्मिक तस्वीर पोस्ट की और कोएना को टैग करते हुए लिखा, ‘ कोएना दोबारा देखो। क्या ये बूढ़ी औरतें और बच्चे तुमको आतंकवादी लगते हैं?’ इस पर कोएना ने जवाब दिया, ‘सभी आतंकवादियों के माता-पिता होते हैं। मैं मानती हूं कि वे अच्छे इंसान होंगे। हर कोई बुरा नहीं होता लेकिन जब हमारा देश बाहरी लोगों और घुसपैठियों की वजह से पीड़ित है तो हमें एक साथ खड़े होकर उनका बहिष्कार करना चाहिए। मेरे लिए यह अंधा कानून है।’

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •