रोशनी से जगमगया पार्क स्ट्रीट सहित महानगर के कई इलाके
क्रिसमस ट्री में रोशनी कर होगा समारोह का आगाज

जयदीप यादव
कोलकाता। कोई भी उत्सव हो महानगर उसके स्वागत के लिय पूरी तरह तैयार रहता हैं। राज्य की सीएम ममता बनर्जी भी बड़ा दिन की खुशियों में शरिक होंगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज यहां पार्क स्ट्रीट स्थित एलेन पार्क में क्रिसमस समारोह का उद्घाटन करेंगी।बनर्जी क्रिसमस ट्री में रोशनी कर समारोह का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद कोलकाता के प्रधान पादरी थॉमस डिसुजा ईशु के पालने से आशीर्वाद देंगे।इस अवसर पर कोलकाता के पादरी अशोक विश्वास एवं समुदाय का विधानसभा में प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक माइकल शेन कल्वर्ट भी मौजूद रहेंगे। समारोह के उद्घाटन के बाद गायक मंडल स्तुतियों की प्रस्तुति करेगा और संगीत का कार्यक्रम होगा। समारोह 30 दिसंबर तक चलेगा। वहीं दुसरी ओर सेंट पाल्स कैथेड्राल, सेंट जांस चर्च समेत तमाम छोटे-बड़े गिरजाघरों को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। पार्क स्ट्रीट, लिंडसे स्ट्रीट, कैमक स्ट्रीट समेत विभिन्न सड़कें बत्तियों से जगमगा रही हैं। अभी से ही कांफेक्शनरीज की दुकानों में केक खरीदने वालों की भीड़ रही। वहीं न्यू मार्केट समेत अन्य बाजारों में क्रिसमस ट्री, सांता क्लाज की पोशाक व साजसज्जा के सामान खरीदने वालों का जमघट लगा रहा। बच्चों में क्रिसमस पर घूमने-फिरने को लेकर उत्साह है। पुलिस सूत्रों का मानना है कि हर साल की तरह इस बार भी अलीपुर चिड़ियाखाना, विक्टोरिया मेमोरियल, साइंस सिटी, मिलेनियम पार्क, निक्को पार्क, इंडियन म्यूजियम, बिड़ला प्लेनटोरियम समेत विभिन्न जगहों पर क्रिसमस पर बड़ी संख्या में लोगों के उमड़ने की उम्मीद है। रेस्तरां व होटल में क्रिसमस पर खाने-पीने के खास इंतजाम किए गए हैं। महानगर में क्रिसमस समारोह के मुख्य केन्द्र पार्क स्ट्रीट में शुक्रवार को ही भारी चहल-पहल देखी गई।कोलकाता का क्रिसमस अन्य जगहों से भिन्न है। यह एक ऐसा शहर है जो किसी भी त्योहार को सूना नहीं जाने देता। यही वजह है कि ईसाई धर्मावलम्बियों के साथ कोलकातावासी एक सप्ताह पहले से ही ईसा मसीह के जन्मदिवस की तैयारी में पूरे उत्साह से जुट जाते हैं। दुर्गोत्सव के समाप्त होते ही क्रिसमस की प्रतीक्षा होने लगती है। एंग्लो इण्डियंस के मुख्य निवास क्षेत्रों पार्क स्ट्रीट, चौरंगी, पार्क सर्कस, वेलिजिली रोड, क्रिश्चियन पाड़ा, रिपन स्ट्रीट से लेकर बहू बाजार तक छोटे-छोटे पंडालों में शिशु यीशु के जन्मदिन की झाकी देखी जा सकती है।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •