कोलकाता। ‘मेरी जान संडे के संडे’, ‘रसिया रे मन बसिया रे’ जैसे सुपरहिट गानों को अपनी आवाज से सजाने वाली बॉलीवुड की प्लेबैक सिंगर मीना कपूर का कोलकाता में  निधन हो गया। मीना कपूर पिछले कुछ सालों से लकवाग्रस्त थीं। निधन की पुष्टि उनकी बेटी शिखा वोरा ने की है। उन्होंने कहा, ‘हमें मौत का कारण नहीं पता लेकिन वह कई सालों से पैरालाइसिस से जूझ रही थीं। जब से वह कोलकाता शिफ्ट हुईं वह हमारे टच में भी नहीं थीं इसलिए हमें उनकी हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं।’ बॉलीवुड में छोटे से करियर में ही उन्होंने 125 गाने गाएं जिनमें से कई हिट रहे। उनका गाया गाना ‘रसिया रे मन बसिया रे’ (फिल्म परदेसी, 1957), ‘एक धरती है एक ही गांव ‘(फिल्म अधिकार, 1954) और ‘कुछ और जमाना कहता है’ (फिल्म छोटी छोटी बातें, 1965) आज भी संगीत प्रेमियों की जुबान पर है। मीना कपूर जब स्कूल में थीं, तभी संगीतकार नीनू मजूमदार ने उनकी गायिकी के टैलेंट को पहचान लिया था। उन्होंने फिल्म ‘पुल’ के लिए अपना पहला गाना रिकॉर्ड किया। पर फिल्म ‘आठ दिन’ (1946) में गाया गया उनका गाना पहले रिलीज हुआ। एसडी बर्मन और मीना कपूर के पिता बिक्रम कपूर अच्छे दोस्त थे। इंडस्ट्री में मीना कपूर और गीता दत्त की दोस्ती के किस्से काफी मशहूर हैं। इन दोनों लोकप्रिय गायिकाओं की मुलाकात 1952 में हुई जब दोनों ने फिल्म ‘घायल’ के लिए डूएट गाना रिकॉर्ड किया। गीता दत्त को मीना कपूर की आवाज ने प्रभावित किया। रिहर्सल के दौरान ही दोनों की दोस्ती हो गई।
Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •