कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को नोटबंदी की पहली वर्षगांठ पर पूरे प्रदेश में काला दिवस मनाया। जगह-जगह पार्टी नेताओं और राज्य के मंत्रियों ने विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया और कई जगह कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया। पार्टी के विरोध का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने नोटबंदी को चमत्कार बताया। टीएमसी और ममता के आरोपों का जवाब देते हुए सिन्हा ने कोलकाता में बुधवार को कहा कि नोटबंदी घोटाला नहीं, चमत्कार है। उन्होंने कहा, ‘मैं ममता जी को चुनौती देता हूं। मैं उनसे सीधे-सीधे कहना चाहता हूं कि नोटबंदी घोटाला नहीं है। मैं यह संदेश बंगाल के लोगों तक पहुंचाना चाहता हूं। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि आज भारत के लोग कह रहे हैं कि नोटबंदी घोटाला नहीं बल्कि चमत्कार है।’
तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नोटबंदी को ‘डीमन (शैतान) दिवस’ करार दिया और अपने ट्विटर अकांउट पर नजर आने वाली तस्वीर को काला कर दिया। ममता ने अपनी फेसबुक पोस्ट को भी रीट्वीट कर आरोप लगाया कि नोटबंदी बड़ा घोटाला था, जिसे काला धन सफेद करने लिए किया गया था। टीएमसी के प्रदर्शनों के दौरान पश्चिम बंगाल के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हाकिम ने कोलकाता के चेतला इलाके में विरोध मार्च का नेतृत्व किया। इस दौरान नोटबंदी और अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव को लेकर पोस्टर प्रदर्शित किए गए।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •