दो नए मंत्रियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को अपने मंत्रिमंडल में विस्तार करते हुए इसमें दो नए मंत्रियों को शामिल किया। राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने राजभवन में उज्जवल बिस्वास और चंद्रिमा भट्टाचार्य को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। बिस्वास ने शपथ लेने का बाद ममता का चरण स्पर्श किया। उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। उन्हें जेल (सुधारात्मक प्रशासन) विभाग का जिम्मा सौंपा गया है।
चंद्रिमा भट्टाचार्य को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नियुक्त किया गया है। वह स्वतंत्र रूप से ई-प्रशासन का जिम्मा संभालेंगी और साथ ही ममता बनर्जी के अधीन स्वास्थ्य राज्य मंत्री के रूप में कार्य करेंगी।शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अलावा राज्य विधानसभा के अध्यक्ष बीमान बनर्जी, उनके मंत्रिमंडल के कई सदस्य, नौकरशाह, कोलकाता के पुलिस आयुक्त और पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक भी मौजूद थे। भट्टाचार्य को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के बाद पश्चिम बंगाल के 44 सदस्यीय मंत्रिमंडल में ममता समेत महिला मंत्रियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।ममता ने कार्यक्रम के बाद कहा कि चंद्रिमा स्वास्थ्य और ई-प्रशासन की जिम्मेदारी संभालेंगी और उज्जवल जेल (सुधारात्मक प्रशासन) विभाग का जिम्मा संभालेंगे। सुधारात्मक प्रशासन का जिम्मा संभाल रहे अबनी मोहन जोरदार भी मंत्रिमंडल में रहेंगे, लेकिन उनके पास कोई विभाग नहीं होगा क्योंकि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है। बता दें कि भट्टाचार्य ने हाल ही में उपचुनाव में काथी दक्षिण विधानसभा सीट जीती थी और वह करीब एक साल के बाद मंत्रालय में लौटी हैं।बिस्वास ने नादिया जिले में कृष्णानगर दक्षिण सीट से जीत हासिल की थी। सूत्रों के अनुसार मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की संभावना है। ममता बनर्जी के दिल्ली से लौटने के बाद यह फेरबदल किया जा सकता है।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •