नईदिल्ली। युवा मामले एवं खेल मंत्रालय में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विजय गोयल ने आज यहां राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता खेलो इंडिया का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता का दिल्ली में आयोजन युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले भारतीय खेल प्राधिकरण ने तीन क्षेत्रों तैराकी, साईक्लिंग और कुश्ती में किया है। उद्घाटन समारोह तालकटोरा स्थित डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्विमिंग पूल परिसर में आयोजित किया गया। विजय गोयल ने तैराकी की विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को पदक प्रदान किया।इस अवसर पर युवा प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल सचिव इनजेती श्रीनिवास, पूर्व तैराक खजान सिंह, भानु सचदेवा, मीनाक्षी पहूजा और सैकड़ों स्कूली बच्चे भी उपस्थित थे। 25 राज्यों/केन्द्रशासित प्रदेशों के करीब 1000 हजार प्रतिभागियों ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया जबकि दर्शकों के लिए सभी स्थलों पर प्रवेश नि: शुल्क है।
इस अवसर पर बोलते हुए युवा मामले एवं खेल मंत्रालय में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विजय गोयल ने कहा कि खेलो इंडिया प्रतियोगिता का आयोजन न सिर्फ जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए बल्कि देश में खेलों के बुनियादी ढांचे को बनाने में मदद करने के लिए भी किया गया है। उन्होंने कहा कि यह नवोदित प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए एक मंच प्रदान करेगा। ऐसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा उनके मंत्रालय द्वारा प्रतिभाओं की खोज के लिए जल्द ही एक राष्ट्रीय पोर्टल इसी महीने में ही शुरू किया जाएगा। 14 और 17 वर्ष से कम उम्र के लड़कों एवं लड़कियों की तैराकी और साईक्लिंग प्रतियोगिताएं आज संपन्न हुईं, वहीं 14 और 16 वर्ष से कम उम्र के लड़कों एवं लड़कियों की कुश्ती प्रतियोगिता (फ्री स्टाइल) दो दिन 20-21 जनवरी 2017 को साई इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नई दिल्ली में होगा।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता खेलो इंडिया का विभिन्न वर्गों में जनवरी और फरवरी 2017 में आयोजन किया गया है।इस प्रतियोगिता के कबड्डी, खो-खो और वुशु खेल नेल्लोर में होंगे; भारोत्तोलन, मुक्केबाजी और टेबल टेनिस गुवाहाटी में; एथलेटिक्स, हैंड बॉल और हॉकी गांधीनगर में; तायक्वांडो, वॉलीबॉल और फुटबॉल चेन्नई में; बैडमिंटन, जिमनास्टिक, बास्केटबॉल और लॉन टेनिस हैदराबाद में तथा तीरंदाजी और जूडो जयपुर में होंगे।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •