टायर को भी किया  नुकीले हथियार से पंचर 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रदीप भट्टाचार्य की कार को  रात बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने चलती कार के पिछले टायर को किसी नुकीले हथियार से पहले पंचर कर दिया, फिर कार रुकते ही उसमें बदबूदार स्प्रे छिड़ककर फरार हो गए। बाइक पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगा था। घटना के दौरान कार में सांसद के अलावा उनकी पत्नी और पीए मौजूद थे। सांसद के चालक ने इस मामले में अमर कॉलोनी थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दक्षिणी पूर्वी दिल्ली में सक्रिय टायर पंचर गिरोह द्वारा वारदात को अंजाम देने की आशंका है। शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे राज्यसभा सदस्य प्रदीप भट्टाचार्य, अपनी पत्नी व पीए जीत बैनर्जी के साथ ओखला जा रहे थे। कार को उनका चालक त्रिपुरेश शुक्ला चला रहा था। मूलचंद फ्लाईओवर के पास जाम के कारण कार की रफ्तार धीमी हो गई। उसी दौरान चालक को शक हुआ कि एक अनजान बाइक पर सवार दो युवक काफी देर से उनकी कार का लगातार पीछा कर रहे हैं।फ्लाईओवर पार करते ही चालक ने कार को बाईं ओर मोड़ लिया। इस बीच पीछा कर रही बाइक पर बैठे एक युवक ने टायर पर जोर से कुछ मारा। कार का टायर फटा और वह लहराकर अनियंत्रित हो गई। हालांकि रफ्तार धीमी होने के कारण चालक ने उसे नियंत्रित कर सड़क किनारे लगा लिया। कार अभी रुकी ही थी कि बाइक सवार तेजी से पास आए और उन्होंने खुले शीशे से अंदर बदबूदार स्प्रे छिड़क दिया। इसके बाद वे तेजी से आगे बढ़ गए। चालक ने फौरन सभी को कार से बाहर निकालकर कुछ दूर सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया। बदबू कम होने पर उसने मेट्रो पिलर 74 के सामने टायर चेक कराया तो पता चला कि वह पूरी तरह फट चुका है। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाल रही है।
Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •