नई दिल्ली।

कार्य योजना के कार्यान्‍वयन के दौरान नदी के मूल चरित्र को बरकरार रखा जाएगा। उक्त बात केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री  उमा भारती ने कहा। वे आज नई दिल्‍ली में इस कार्य योजना के तीसरे चरण की कुछ योजनाओं का शुभारंभ करते हुए बोल रहीं थी। उन्‍होंने कहा कि इस काम में सरकार और समाज के प्रत्‍येक वर्ग की सामूहिक जिम्‍मेदारी बनती है। यमुना कार्य योजना के पहले और दूसरे चरण का उल्‍लेख करते हुए कहा कि इस काम में 15 अरब रूपये खर्च करने के बावजूद संतोषजनक परिणाम नहीं निकले। उन्‍होंने कहा कि हमने पूर्व के अनुभवों से सबक लेकर यमुना कार्य योजना के तीसरे चरण को व्‍यापक विचार-विमर्श के बाद इस तरह तैयार किया है जिससे कि यमुना के स्‍वरूप में परिवर्तन सभी को दिखे। लखवाड़-व्‍यासी परियोजना का उल्‍लेख करते हुए उन्‍होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होते ही दिल्‍ली में यमुना में अतिरिक्‍त जल आ सकेगा और मथुरा वृंदावन तक यमुना को प्रदूषण मुक्‍त किया जा सकेगा। सुश्री भारती ने बताया कि यमुना कार्य योजना के तीसरे चरण पर लगभग 8 अरब रूपये खर्च होंगे। इसका 85 प्रतिशत हिस्‍सा केंद्र सरकार वहन करेगी जबकि बाकी का 15 प्रतिशत दिल्‍ली सरकार वहन करेगी। योजना का विवरण देते हुए उन्‍होंने बताया कि ओखला, कोंडली और रिठाला में मौजूद 814 एमएलडी की क्षमता वाले मल शोधन संयंत्रों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। ओखला में 136 एमएलडी क्षमता वाला एक अतिरिक्‍त मल शोधन संयंत्र लगाया जाएगा। इसके अलावा आनंद विहार, झिलमिल कॉलोनी, अशोक विहार और जहांगीर पुरी जैसे क्षेत्रों में सीवर लाइनों की भी मरम्‍मत की जाएगी। सुश्री भारती ने कहा कि छठ घाट का भी बड़े पैमाने पर पुनर्रूद्धार किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए वस्‍त्र  बदलने के कक्ष और प्रसाधन की बेहतर सुविधाएं उपलब्‍ध कराई जाएगी। मंत्री ने कहा कि उनका मंत्रालय और दिल्‍ली सरकार मिलकर वजीराबाद से ओखला तक यमुना तटों के सौंदर्यकरण पर काम करेंगे और शीघ्र ही दिल्‍लीवासी यमुना के किनारे पैदल घूमते हुए नदी के सौंदर्य का आनंद ले सकेंगे।

 

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •