पूजा कमेटियां करेगी यूनेस्को को धन्यवाद ज्ञापित

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य की दुर्गा पूजा को विश्व धरोहर की सूची में शामिल करने को लेकर यूनेस्को को धन्यवाद देने के लिए पूजा करने वालों का आह्वान किया था। उसी के मुताबिक अब दुर्गा पूजा बीतने के बाद शुक्रवार को राज्य के प्रत्येक जिले में दुर्गा प्रतिमाओं को लेकर शोभा यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। राज्य सचिवालय की ओर से इसके लिए 25 सूत्रीय निर्देशिका जारी कर दी गई है। किस तरह से शोभायात्रा निकाली जाएगी, उसमें कितने लोग शामिल होंगे और यूनेस्को के लिए क्या बैनर पोस्टर लगाया जाना है, इस बारे में निर्देशिका में बताया गया है। इसके अलावा यह भी स्पष्ट किया गया है कि स्थानीय प्रशासन के साथ बातचीत करने के बाद ही शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से सर्वश्रेष्ठ पूजा समितियों को दिए जाने वाले विश्व बांग्ला सारद सम्मान के लिए प्रत्येक जिले में गठित कमेटी से भी सलाह मशविरा किए जाने हैं। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी अनुमति रहेगी। सड़क सुरक्षा और किसी भी तरह के तनावपूर्ण स्थिति से बचने के लिए प्रशासन के दिशा-निर्देशों का हर तरह से पालन करने का निर्देश दिया गया है।उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहल पर हर साल राज्य की सर्वश्रेष्ठ दुर्गा प्रतिमाओं को लेकर कोलकाता के राजपथ कहे जाने वाले रेड रोड में पूजा कार्निवल का आयोजन होता है जहां विशेष अतिथियों की उपस्थिति में दुर्गा प्रतिमाओं, उनकी थीम और लाइट सज्जा को दिखाया जाता है। इसमें कई देशों के प्रतिनिधि उपस्थित होते हैं।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •