मोदी के खिलाफ एकजुट नहीं हो पाया विपक्ष

नई दिल्ली/फतेहाबाद। बिहार के सीएम नीतीश कुमार और राजद चीफ लालू यादव ने आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। यह मुलाकात करीब एक घंटे तक चली। मुलाकात के बाद नीतीश ने कहा कि हम देश में कई दलों को एकजुट करना चाहते हैं। सोनिया गांधी ने 17 अक्टूबर को कांग्रेस पार्टी का नया अध्यक्ष चुने जाने के बाद फिर से मिलने के लिए कहा है। वहीं, लालू ने कहा कि हमें बीजेपी को हटाना है और देश को बचाना है। जिस तरह से हमने बिहार में बीजेपी को हटाया था, उसी तरह से हम सभी को एक साथ आना होगा। लालू-नीतीश की सोनिया से मुलाकात 7 साल बाद हुई है। 2015 में बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद नीतीश ने पटना के गांधी मैदान में सीएम पद की शपथ ली थी, जिसमें सोनिया भी शामिल हुई थीं।
इससे पहले, आज देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की 109 वीं जयंती पर हरियाणा के फतेहाबाद में ‘सम्मान दिवस रैली’ हुई। रैली के लिए इनेलो (इंडियन नेशनल लोकदल) प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला ने नीतीश कुमार सहित 10 राज्यों के 17 नेताओं को निमंत्रण दिया था, लेकिन मंच पर 5 बड़े नेता ही दिखे। इनमें नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव,एनसीपी चीफ शरद पवार,एसएडी नेता सुखबीर सिंह बादल और माकपा महासचिव सीताराम येचुरी शामिल थे।
इनेलो की रैली में नीतीश कुमार ने कांग्रेस सहित सभी दलों से एक साथ आने की अपील की। नीतीश ने कहा कि ऐसा होने के बाद बीजेपी को 2024 के लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त मिलेगी। वहीं, तेजस्वी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए पूछा कि अब एनडीए कहां है? शिवसेना, अकाली दल, जेडीयू जैसे भाजपा सहयोगियों ने लोकतंत्र बचाने के लिए इसे छोड़ दिया है।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •