कोेलकाता। महानगर कोलकाता में आज ही सीएम ममता बनर्जी ने कई दुर्गा पूजा आयोजनों का उद्धघाटन किया। वहीं मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन के दुर्गापूजा मंडप को राजस्थान के प्रसिद्ध शीश महल के तौर पर बनाया जा रहा है। पूरे शीश महल में दर्शकों को ‘ग्लास पैलेस’ की प्रतिकृति देखने को मिलेगी।इस बारे में मोहम्मद अली पार्क दुर्गा पूजा कमेटी के महासचिव सुरेंद्र कुमार शर्मा ने आज बताया कि हम इस बार शीश महल थीम के साथ मंडप का निर्माण कर रहे हैं, क्योंकि कई लोगों ने हमसे इसके लिए अनुरोध किया था। वे राजस्थान नहीं जा सकते थे, लेकिन कोलकाता में ही इस दिव्य अजूबे में जाकर इसके भीतर बने कारीगरी को महसूस करना चाहते थे। दुर्गापूजा के इस त्योहार को और अधिक जीवंत, सुंदर और शाही बनाने के लिए हम इस ‘मिरर पैलेस’ को सुंदर कीमती पत्थरों, कांच और सुंदर हस्तनिर्मित चित्रों के साथ गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने बताया कि पूजा मंडप की दीवार और छत को सुंदर कांच और कीमती पत्थरों की मदद से बने चित्रों और फूलों से उकेरा गया है। इसके भीतर जाकर आप अंदाजा लगा सकते हैं, कि इस पंडाल को बनाने में किस स्तर की वास्तुकला का इस्तेमाल किया गया है। जयपुर का शीश महल बदलते समय और विकसित हो रहे शहर के परिदृश्य का प्रमाण है। इस अवसर पर मोहम्मद अली पार्क दुर्गा पूजा के संयुक्त सचिव अशोक ओझा ने कहा, हजारों टिमटिमाते प्रतिबिंबों के साथ शीश महल पंडाल अपने परिवेश को रोशन कर इसे जीवंत रखेगा। इस मंडप में राजस्थान के राजघरानों की सुंदरता और भव्यता का प्रतिबिंब होगा। पूजा मंडप के अंदर अनगिनत ऐसी पेंटिंग और कलाकृतियां हैं, जो आपको रुचिकर और चकित कर देंगी।हमारा पूरा विश्वास है कि, दर्शक इस मंडप में आकर खुद को राजस्थान में महसूस करेंगे।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •