राजू श्रीवास्तव का अस्पताल में निधन

नई दिल्ली। गजोधर भैया अपनी जिंदगी के मंच से उतर गए।ऐसा लग लग रहा है कि गजोधर भैया जिंदगी के शो से रुठ गये और मंच के सामने लोग बैठे रहे लेकिन काला पर्दा झूल गया। राजू श्रीवास्तव की बीमारी और अस्पताल में भर्ती होने की खबरें बनते-बनाते आखिरी खबर आ गई। आज सुबह 10 बजे के करीब दिल्ली एम्स में उनका निधन हो गया।उमर 58 साल थी। दिल्ली में ही 10 अगस्त को एक्सरसाइज करते उन्हें हार्ट अटैक आया था। उसके बाद से ही एम्स में भर्ती थे। इलाज में पता चला था कि दिल के एक हिस्से में 100% ब्लॉकेज है। पिछले 42 दिनों में कई बार बेहतर होती सेहत की खबरें आती रहीं। लेकिन आखिरकार आखिरी खबर आई… राजू चला गया, ये कहते हुए कि जिंदगी में ऐसा काम करो कि यमराज भी आएं तो कहें कि भैंसे पर आप बैठिए, मैं पैदल चलूंगा.. आप नेक आदमी हैं। …ये राजू की ही कही है। राजू कानपुर के रहने वाले हैं। लेकिन, उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में ही 22 सितंबर, यानी आज  सुबह 9:30 बजे निगमबोध घाट पर किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़ी हस्तियों ने राजू के निधन पर शोक जताया है। मोदी बोले- राजू ने हास्य के साथ हमारी जिंदगी को रोशन किया।सपना हीरो बनने का था और उसका पीछा करते राजू 1982 में मुंबई आ गए। लेकिन जिंदगी तो जिंदगी है। पहला काम ऑटो ड्राइवर का मिला। लेकिन अपना काम वहां भी जारी रखा। अपने चुटकुलों से सवारियों को हंसाते और मंजिल पर पहुंचाते। ऐसे ही एक दिन एक सवारी ने पहला स्टेज परफॉर्मेंस दिला दिया। पैसे मिले 50 रुपए। फिर तो ऐसा बार-बार होने लगा।राजू ज्यादातर समय अमिताभ की नकल करते और उन्हीं की तरह दिखने की कोशिश भी होती। यही पहचान बनती गई। फिल्म में मौका मिला 1988 में आकर, तेजाब से। हीरो अनिल कपूर थे। जॉनी लीवर के साथ राजू भी दिखे।जैसे ही कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव के निधन की खबर आई तो उनके फैंस के साथ-साथ बॉलीवुड भी शोक में डूब गया। इतनी जल्दी दुनिया को अलविदा कह देने पर बॉलीवुड गहरे सदमे में है। सेलेब्स ने उनके निधन पर नम आंखों से सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धाजंलि दी। अभिनेता अक्षय कुमार ने ट्वीट किया, जिंदगी भर बहुत हंसाया राजू भाई आपने। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे। एक्टर अजय देवगन ने राजू श्रीवास्तव की तस्वीर शेयर करते हुए उनको श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, भगवान उनके परिवार को यह सदमा सहन करने की शक्ति दें।ऋतिक रोशन ने राजू श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार के साथ संवेदना प्रकट की है।अदाकार वरुण धवन ने भी राजू की आत्मिक शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की है। अभिनेत्री रवीना टंडन ने लिखा, आपकी बहुत याद आएगी राजू श्रीवास्तव जी, ओम शांति। राजू श्रीवास्तव के कई शोज में जज बनकर नजर आए शेखर सुमन ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा, राजू आपके जाने से हंसी की दुनिया मानो वीरान हो गई है। इन सबके अलावा बॉलीवुड के अन्य कई सितारे भी राजू के निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि सीने में दर्द और जिम में वर्कआउट के दौरान गिरने के बाद राजू श्रीवास्तव को 10 अगस्त को दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। तब से सारा देश उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा था, लेकिन 40 दिन तक जिंदगी से लंबी जंग के बाद बुधवार को वे इस दुनिया को अलविदा कह गए।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •