मौके पर महिला की मौत, कई को लगी गोली
गोलीबारी करने वाले सुरक्षाकर्मी ने भी खुदकुशी

जगदीश यादव
कोलकाता। महानगर कोलकाता के बेकबागान स्थित 9, सर्कस एवेन्यू में बांग्लादेश डिप्टी हाई कमीशन के बाहर तब लोगों के बीच दहशत फैल गई जब सशस्त्र पुलिस के एक सिपाही ने आज दोपहर में अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इससे पहले की लोग कुछ समझ पाते घटना स्थल पर गोली लगने से एक बाइक सवार महिला की मौत हो गई। घटना स्थल के आसपास के लोगों ने बताया कि उक्त घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि सशस्त्र पुलिस के एक सिपाही ने लगभग 10-15 राउंड गोलियां चलायीं। फिर अचानक पुलिस के जवान ने खुद को भी गोली मार ली। घटना में सशस्त्र पुलिस के उक्त सिपाही चोडुप लेप्चा की भी मौत हो गई है। खबर के लिखे जाने तक पुलिस द्वारा अधिकारिक तौर पर घटना का कारण नहीं बताया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोलीबारी के बाद उक्त जवान ने अपनी खोपड़ी में गोली मार ली। घटनास्थल पर ही उसकी भी मौत हो गयी। मृत जवान चोडुप लेप्चा सेल्फ-लोडिंग राइफल से लैस था। प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि वह मानसिक तौर पर परेशान था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना की रिपोर्ट बांग्लादेश की सरकार को भी भेज दी गई है। घटना से बांग्लादेश डिप्टी हाई कमीशन भी हैरान है। प्राथमिक पूछताछ में एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “हम इलाके के सीसीटीवी से फुटेज एकत्र कर रहे हैं। हमारा कांस्टेबल मर गया है। दो अन्य भी घायल हैं।” इधर खबर के लिखे जाने तक घटना स्थल पर पुलिस व बांग्लादेश डिप्टी हाई कमीशन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।घटना की जांच की जा रही थी। पुलिस के एक वरीय अधिकारी ने कहा कि, सशस्त्र पुलिस का जवान चोडुप लेप्चा छुट्टी पर था और वह आज ही ड्यूटी पर आया था। पुलिस के अनुसार चोडुप लेप्चा करीब एक साल पहले पुलिस की नौकरी में आया था। पुलिस कहना है कि इस बात की भी जांच हो रही है कि क्या चोडुप लेप्चा अवसाद से पीड़ित था।घटना का प्रत्यक्षदर्शी होने का दावा करने वाले बबलू शेख ने कहा कि पूरी घटना करीब पांच मिनट तक चली। घटना के कुछ मिनट बाद भारी संख्या में पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और शवों को ले गए। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।उक्त गोलीबारी में कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल बांग्लादेश दूतावास से इस बारे में कोई बयान जारी नहीं किया गया है।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •