कोलकाता। मशहूर शास्त्रीय संगीत कलाकार उस्ताद राशिद खान को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है और आरोपितों ने कथित रूप से 50 लाख रुपये मांगे हैं। इस सिलसिले में कोलकाता पुलिस ने लखनऊ से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक कलाकार का पूर्व कार चालक और एक पूर्व कार्यालय सहायक है। दोनों आरोपितों को आज ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाया गया है। कथित तौर पर कुछ दिन पहले कोलकाता के नाकतला स्थित राशिद खान के आवास पर उनकी बेटी को उनके मोबाइल फोन पर धमकी दी गई थी।आरोपितों ने कहा था कि घर के सामने स्निपर ताक में हैं और बाहर निकलने पर ही राशिद खान को गोली मार दी जाएगी। इसके बाद नौ अक्टूबर को कोलकाता के नेताजी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच में उतरी कोलकाता खुफिया पुलिस की अपराध दमन शाखा ने लखनऊ से कल रात दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक कलाकार का पूर्व कार चालक और दूसरा पूर्व कार्यालय सहायक है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूर्व कार चालक दीपक कुछ समय तक कलाकार के घर कार चालक का काम करता था।दूसरा आरोपित कलाकार का कार्यालय सहायक था। कुछ महीने पहले दोनों को काम से निकाल दिया गया था। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने फोन पर धमकी देने की बात कबूल की है। उनका कहना है कि काम से हटा देने की वजह से उन्होंने बदले की भावना से फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपितों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मोबाइल नंबर को मास्किंग कर फोन किया था। हालांकि, अंत में कोलकाता खुफिया पुलिस की अपराध दमन शाखा ने मोबाइल फोन के टावर लोकेशन को ट्रैक कर उन्हें ढूंढ निकाला। दोनों आरोपितों को आज ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाया गया है।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •