कोलकाता। एक तरफ पूरे देश में त्योहार के सीजन में कोविड रोधी टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है तो वहीं दूसरी तरफ महानगर कोलकाता में दुर्गापूजा के दौरान टीकाकरण को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। कोलकाता नगर निगम में उप प्रशासक अतिन घोष ने आज यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि षष्ठी 12 अक्टूबर से लेकर 15 अक्टूबर (दशमी) तक टीकाकरण पूरी तरह से बंद रहेगा। उसके बाद पूर्ववत नियमानुसार सभी को टीके की डोज लगेगी। उन्होंने बताया कि कोलकाता में दुर्गापूजा के दौरान लोगों की भारी भीड़ होती है। ऐसे में प्रशासन के कर्मी लोगों की सुरक्षा और अन्य सुविधाओं को दुरुस्त रखने में व्यस्त रहेंगे।इसीलिए चार दिनों तक टीकाकरण को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा दूसरी वजह यह भी है कि फिलहाल कोलकाता नगर निगम के पास टीके की आपूर्ति कम हुई है जिसके कारण सभी की जरूरतें पूरी नहीं की जा सकेंगी। दुर्गापूजा के बाद एक बार फिर टीकाकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उधर कोरोना के नए मामलों में तेजी देखी जा रही है। राज्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक 24 घंटे में राज्य में 784 नए मामले सामने आए। इसी के साथ राज्य में कोरोना मामलों की संख्या बढ़कर 15,74,801 हो गई है। वहीं इस दौरान 6 और मरीजों की मौत हो गई। इसी के साथ मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 18,882 हो गया है। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कुल 746 मरीज ठीक हुए। ऐसे में कोरोना से ठीक होने वाले कुल मरीजों की संख्या 15,48,294 हो गई है। सक्रिय मामलों की संख्या 7,625 है जिनका इलाज चल रहा है। रिकवरी रेट 98.32 फीसदी है।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •