250 करोड़ की अघोषित आय का पता चला

कोलकाता। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने आज दावा किया कि आयकर विभाग ने पूर्वात्तर क्षेत्र और पश्चिम बंगाल में सीमेंट निर्माण और रेलवे कॉन्ट्रक्ट से जुड़े दो समूहों पर छापेमारी के दौरान 250 करोड़ रुपये की अघोषित आय का पता लगाया है। यह जानकारी आज केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने दी। सीबीडीटी ने बताया कि पांच अक्तूबर को कोलकाता, गुवाहाटी, रंगिया, शिलांग और पटना समेत 15 परिसरों में छापेमारी की गई। इस दौरान 250 करोड़ रुपये से अधिक की अघोषित आय का पता चला। साथ ही 51 लाख रुपये से अधिक की बेनामी नकदी भी जब्त की गई। इसके अलावा नौ बैंक लॉकरों पर रोक लगा दी गई है। सीमेंट निर्माण समूह के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए सीबीडीटी ने कहा कि समूह ने बही-खाते से अलग बिक्री करके और फर्जी खर्च दिखाकर बेनामी आय अर्जित की। इस बेनामी आय को मुखौटा कंपनियों के माध्यम से वापस व्यापार में लाया गया। समूह द्वारा फर्जी व्यापार खाता प्रविष्टियां प्रदान करने के लिए कई पेपर कंपनियों का संचालन किया जाता है। सीबीडीटी ने कहा कि दूसरा समूह असम, मिजोरम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों में रेलवे अनुबंधों को लागू करने में जुटा हुआ है। यहां छापेमारी में बड़ी संख्या में भूमि और संपत्तियों से संबंधित बिक्री विलेख (सेल डीड) पाए गए हैं। इनका मूल्यांकन 110 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है। तलाशी के दौरान इन संपत्तियों की खरीद के स्रोत को बताने के लिए पुष्ट साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए जा सके। संपत्ति की बिक्री में 13 करोड़ रुपये से अधिक के नकद लेनदेन के विवरण वाले दस्तावेज मिले हैं।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •