भाजपा नेतृत्व ने दुर्गा पूजा संपर्क अभियान की मांगी रिपोर्ट
फिरोज आलम
कोलकाता। दुर्गा पूजा के दौरान महानगर कोलकाता में भाजपा के बुक स्टाल थोंक में दिखे। सबसे खास बात तो यह रही की भाजपा के बुक स्टाल में एनआरसी पर लिखी गयी पुस्तक पश्चिम बंगे एनआरसी चायी बेस्ट सेलर रही। भाजपा की ओर से बताया गया है कि एनआरसी पर पुस्तक की काफी मांग रही । जिसके कारण भाजपा के स्टाल पर बैठे लोगों का उत्साह गजब का रहा। इसी क्रम में आज मटियाबुर्ज विधान सभा में भाजपा के बुक स्टालों का समापन हुआ। आज मीडिया कर्मियों के साथ बातचीत करते हुए मटियाबुर्ज मंडल 1 भाजपा अध्यक्ष तापस पाल ने बताया कि विधान सभा इलाके में भाजपा के दो बुक स्टाल लगाये गये थे। जहां अन्य पुस्तके तो बिक्री हुई लेकिन एनआरसी पर लिखी गयी पुस्तक की मांग सबसे ज्यादा रही और पश्चिम बंगे एनआरसी चायी पुस्तक की व्यापक मांग रही। इस दौरान रात दिन लगातार भाजपा नेता प्रदीप शर्मा, राजीव मजूमदार, तपन साहा, महादेव पाल, पियूष साहू के नेतृत्व में भाजपा कर्मी समर्थकों ने पुस्तके बेची व दुर्गा पूजा दर्शनार्थियों की सेवा की। इधर भाजपा नेतृत्व ने दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान पार्टी के सामूहिक संपर्क अभियान के बारे में जिला इकाईयों तथा राज्य स्तर के नेताओं से रिपोर्ट मांगी है। यह संपर्क अभियान खासतौर से राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) तथा नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएबी) को ध्यान में रखकर चलाया गया। भाजपा के सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा था कि त्योहार के मौके पर वह जनता से संपर्क बढ़ाएं और पार्टी की विचारधारा तथा नीतियों के बारे में प्रचार करें। इस बार पार्टी ने पूजा पंडालों के बाहर 10,000 से अधिक स्टॉल लगाए थे