कोलकाता।राज्य में प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी अरविंद मेनन ने आज दावा किया है कि इस बार के लोकसभा चुनाव में बंगाल के मतदाता सबसे बड़ी भूमिका निभाएंगे। सुबह उन्होंने इस बारे में एक ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने कवि गुरु रवींद्रनाथ टैगोर की एक कविता के साथ अपना बयान बांग्ला में साझा किया है। इस कविता के शब्द है कि “मैं ऐसा समाज चाहता हूं जहां मन में कोई डर ना हो और सिर आसमान की तरह ऊंचा रहे।” इस कविता के जरिए अरविंद मेनन ने कहा है कि गुरुदेव की यह कविता बंगाल वासियों को डर के साए से निकाल कर मतदान के लिए प्रेरित करेगी। मेनन ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में स्वच्छ मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा है कि बंगाल के मतदाता इस बार जरूर बिना डर के घरों से बाहर निकल कर मतदान करेंगे। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल राजनीतिक हिंसा के लिए कुख्यात रहा है। वर्ष 2018 में संपन्न हुए पंचायत चुनाव के दौरान राज्य भर में करीब 80 विपक्षी कार्यकर्ताओं की हत्या हुई थी जबकि हजारों लोग घायल हुए थे। कई हजार लोगों को अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर दूसरे राज्यों में शरण लेना पड़ा था। इस बार लोकसभा चुनाव के दौरान आयोग ने यहां सुरक्षित और शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने के लिए बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती की है।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •