रेल लाइन के ओवरहेड तार तक पहुंची आग की लपटें

कोलकाता। महानगर कोलकाता में अगलगी जैसे विडम्बना बन गई हो। हर रोज अगलगी की घटनाएं घट रही है। लगभग 18 घंटे पहले सोदपुर के घोला इलाके के बैरकपुर प्लास्टिक चेयर कारखाने में सोमवार दोपहर हुए भयावह अग्निकांड के बाद से लापता पांच लोगों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका था कि महानगर कोलकाता से सटे डनलप इलाके में आज दोपहर भीषण आग लग गयी। दमकल अधिकारी के अनुसार आग को बुझाने के लिए दमकल की चार गाड़ियां लगातार आग बुझाने में लगी रही। पुलिस, दमकल वस्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार डनलप मोड़ इलाके में बेलघड़िया एक्सप्रेस वे के किनारे स्थित झोपड़ियों में आज तकरीबन 12.30 बजे भयानक आग लग गयी। स्थानीय लोगों ने अचानक एक झोपड़ी से आग की लपटों को निकलते हुए देखा। इसके बाद अन्य झोपड़ियों में मौजूद लोग तुरंत बाहर निकल गये। देखते ही देखते कुछ ही पलों में आग ने उग्र रूप धारण कर लिया और अन्य झोपड़ियों को भी अपने चपेट में ले लिया। पहले स्थानीय लोगों ने आग को बुझाने की कोशिश की। इसके बाद दमकल को मामले की जानकारी दी गयी। घटना की सूचना पाकर दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गयी। खबर लिखे जाने तक आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया था। हालांकि आग लगने की इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लेकिन कुल छह झोपड़ियां इस आग में पूरी तरह जलकर खाक हो गयी हैं। झोपड़ियों में रहने वाले लोग अपना सबकुछ खो कर सड़क के किनारे खुले आसमान के नीचे बैठने को मजबूर हैं। आग लगने के कारण दमदम डानकुनी ट्रेन लाइन लाइन पर थोड़ी देर के लिए ट्रेन सेवायें में प्रभावित हुई। बताया जा रहा है कि आग की लपटें रेल लाइन के ओवरहेड तार तक पहुंच गयी थीं। जिन लोगों के घर इस अग्निकांड में जल गये हैं, प्रशासन ने उन्हें हर प्रकार के संभव मदद का आश्वासन दिया है।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •