जाकिर अली/अचिन्यतो
हुगली। जहां एक ओर आज महानगर कोलकाता के पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार के आवास पर सीबीआई की एक टीम पहुंची थी और राज्य भर में राजीव कुमार के सम्भावित गिरफ्तारी को लेकर खबरों का बाजार उफान पर था ठीक तब हुगली जिले के चुंचुड़ा में आज गृहमंत्री राजनाथ सिंह जुबानी तौर पर राज्य की पुलिस व सत्ताधारी तृणमूल सरकार पर हमला कर रहें थें। यहां सभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि इस राज्य का माहौल एक तरह से खराब हो गया है। उन्होंने कहा कि इस राज्य में पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक स्वार्थ के लिये किया जा रहा है। राजनीति देश व समाज को बनाने के लिये की जानी चाहिए लेकिन यहां की हवा ही बदल गई है। इस राज्य में दुर्गा पूजा की इजाजत नहीं मिलती है। यह कैसी व्यवस्था है। ईद , बकरीद हो तो दुर्गा पूजा की भी इजाजत क्यो नहीं । हर धर्म का सम्मान जरुरी है। देश व राज्य का कानूून जनता की रक्षा के लिये होनी चाहिए। लेकिन व्यवस्था ही जब पक्षपात करे तो फिर गंभीर बात कही जाएगी। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस भाजपा से डर गई है। उसे पता चल गया है वह जा रही है। केंद्रीय गृहमंत्री रविवार को हुगली जिले के चुचुड़ा में भाजपा की महासभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में मां, माटी, मानुष सुरक्षित नहीं है। भ्रष्टाचारी हो या अपराधी, उसकी जगह जेल होती है। गृहमंत्री ने कहा कि जिस दिन यहां भाजपा की सरकार आएगी, कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ मिलेगा। भाजपा की सरकार ने त्रिपुरा में यह कर दिखाया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला करते हुए कहा कि यहां मां, माटी, सुरक्षित नहीं है। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि, आप भाजपा का साथ दें। बंगाल में अगली सरकार भाजपा की बनेगी। लोकसभा चुनाव में पार्टी को इस राज्य से 20-25 सीटें हासिल होंगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में अब ममता का मन नहीं है। वह महागठबंधन की बात सोच रही हैं। सभा मंच से राजनाथ सिंह ने अंतरिम केंद्रीय बजट की खूब सराहना की। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी की सरकार रहती है तो 2030 के पहले ही विश्व के तीन शीर्ष देशों में भारत का नाम होगा।सिंह ने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि सभाओं में आने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है। उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को हिम्मत नहीं हारने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ‘राजनीति में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। आप (पार्टी कार्यकर्ता) किसी पर हाथ नहीं उठाएं, अत्याचार सहन करें। यदि आप पर कोई हाथ उठा रहा है तो उनका नाम लिख कर रखें। क्योंकि अगली सरकार आपकी होगी।’ केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि राज्य की परिस्थिति ऐसी हो गई है कि यहां लोकतंत्र लाठीतंत्र में तब्दील हो गया है।

Spread the love
  • 66
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
    66
    Shares
  •  
    66
    Shares
  • 66
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •