संगीनों के साये में मनेगा गणतंत्र दिवस
राज्य भर में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था
राज्य में ‘सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ी

कोलकाता। राज्य में संगीनों के साये में गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। महानगर कोलकाता हो या फिर राज्य के अन्य जिले हर जगह सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोलकाता पुलिस ने शहर में प्रवेश के मार्गों पर गश्त बढ़ा दी है।राज्य सचिवालय में तैनात अधिकारी ने आज कहा, ‘‘हम कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहते हैं और हमने गणतंत्र दिवस समारोह के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किये हैं। 20 जनवरी से ही पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था की गयी है।’’एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि विक्टोरिया मेमोरियल, कालीघाट मंदिर, भारतीय संग्रहालय, मेट्रो स्टेशनों समेत शहर में सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर हर परिस्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चौकसी कड़ी कर दी गयी है।वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने रेड रोड पर सुरक्षा इंतजामों का शुक्रवार को निरीक्षण किया। यहीं पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी समेत गणमान्य व्यक्ति परेड के लिए मौजूद रहेंगे।जिलों की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करते हुए एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गयी है। हम अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राज्य के जिलों में जरूरी एहतियात बरत रहे हैं। किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए हमारे वरिष्ठ अधिकारी ड्यूटी पर हैं।’’ इधर गणतंत्र दिवस की पहले केंद्रीय खुफिया विभाग की ओर से सीमा सुरक्षा बल और मालदह जिला पुलिस सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन से कहा गया है कि सीमा पार करके आतंकवादी मालदह जिले में दहशत फैला सकते हैं। इसलिये उन्हें विशेष सतर्कता बरतने की जरुरत है। खुफिया विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद भारतीय सीमा सुरक्षा बल और जिला पुलिस सतर्क हो गये हैं। शुक्रवार को पुलिस एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टी की। बताया जा रहा है कि खुफिया रिपोर्ट मिलने के बाद सीमा पर अतिरिक्त बीएसएफ जवान तैनात किये गये हैं। कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीमा के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग 34 और रेलवे स्टेशनों पर तथा सीमांवर्ती गांवों में कड़ी निगरानी की जा रही है। स्थानीय लोगों को निर्देश दिया गया है कि यदि कोई संदिग्ध इलाके में दिखाई पड़ता है तो स्थानीय पुलिस प्रशासन और सीमा सुरक्षा बल को वे तत्काल सूचित करें। उल्लेखनीय है कि मालदह में भारत बांग्लादेश की सीमा 178 किलोमीटर है। इसमें 50 किलोमीटर बॉर्डर खुला है। शुक्रवार को सीमा पर प्रत्येक बीओपी पर जवानों के साथ डेपुटी कमांडेंट रैंक के अधिकारियों में मौजूद थे। साइकिल के माध्यम से सीमा पर पहरेदारी चल रही थी। जल में सीमा सुरक्षा बल के स्पीड बोट दौड़ते देखे गये। शुक्रवार को भी मालदह के अलग-अलग इलाकों में पुलिस की नाका चेकिंग जारी रही। सीमा सुरक्षा बल के कमांडर अनिल कुमार होटकर ने कहा कि हम 24 घंटे सतर्क रहते हैं।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •