घटना से वर्द्धवान सहित राज्य भर में तनातनी

वारदात को अंजाम देने आरोप टीएमसी समर्थकों पर

वर्द्धवान । एक बार फिर राज्य में एक भाजपा कर्मी की हत्या की गई है। रथयात्रा को लेकर राज्य सरकार व भाजपा के बीच तनातनी के मध्य इस घटना से पश्चिम वर्द्धवान जिला सहित आसपास के क्षेत्रों में तनाव है। जिले के  के कांकसा थाना अंतर्गत सरस्वतीगंज इलाके में एक भाजपा कर्मी संदीप घोष (21) की  रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की कांकसा थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवायी गई है। बताया जा रहा है कि कांकसा के सरस्वतीगंज में रविवार रात भाजपा के बूथ कमेटी की एक बैठक थी। बैठक खत्म होने के बाद रुपगंज के कई कार्यकर्ता अपने घरों को लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान सरस्वतीगंज से रुपगंज जाने वाली सड़क से सटे जंगलों से 30 से 35 हथियारबंद लोग निकले और अचानक भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। पहले भाजपा कार्यकर्ताओं को जमीन पर पटककर लाठी और बांस से पीटा गया। इस दौरान संदीप अपने साथी की मोटरसाइकिल पर था। इसके बाद गुंडों ने गोली चला दी, उसमें से एक गोली संदीप के कान में लगी। अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने जंगल की ओर भागकर अपनी जान बचाई| खबर पाकर कांकसा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू किया। संदीप को दुर्गापुर के एक नर्सिंग होम में लेकर जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संदीप के पिता विजय घोष ने कहा, मेरा बेटा राजनीति की बलि चढ़ा है। मुझे पता ही नहीं चला कि वह भाजपा की बैठक में गया था। घर से तो बोल कर गया था कि पिकनिक पर जा रहा है। वह मीटिंग में क्या करने गया था? तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने ही मेरे बेटे की हत्या की है। विजय बाबू भाजपा के प्रति भी नाराज दिखे। उन्होंने कहा, भाजपा वालों क्यों मेरे बेटे को लेकर मीटिंग में गए? क्या वे मेरे बेटे को वापस ला देंगे?इस घटना पर भाजपा के जिलाध्यक्ष लखन घोरुई ने कहा, जब हमारे कार्यकर्ता बैठक के बाद घर लौट रहे थे उसी वक्त तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने सन्दीप को गोली मार दी जिसमें उसकी मौत हो गई। इस घटना में इलाके में सक्रिय बालू माफिया और कोयला माफिया के लोग भी हैं। स्थानीय पुलिस पर हमें अब कोई भरोसा नहीं रह गया है।हम इस मामले की सीबीआई जांच चाहते हैं। उधर, तृणमूल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उत्तम मुखोपाध्याय ने इसे भाजपा के आपसी कलह का मामला करार दिया है। घटना के बाद पुलिस को घेरकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया। तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस बल को तैनात किया गया है।आससोल सहित कई जगहों पर इस घटना के खिलाफ हंगामा जारी है।
Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •