कहा, राज्य में 27 हेलीपैड का निर्माण पूरा हुआ

कोलकाता। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सशस्त्र बलों की प्रशंसा करते हुए आज कहा कि उनकी सेवाओं के लिए देश उनका ऋणी है। सशस्त्र बल झंडा दिवस के अवसर पर अपने ट्विटर पोस्ट में बनर्जी ने तीनों सशस्त्र बलों के कर्मियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘ आज सशस्त्र बल झंडा दिवस है। भारतीय सशस्त्र बलों में सेवा दे रहे सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं। देश उनकी सेवा के लिए उनका ऋणी है। भारतीय सशस्त्र बलों के कर्मियों के कल्याण के लिए हमें अपना काम जारी रखना चाहिए।’’ सशस्त्र बल झंडा दिवस सात दिसंबर 1949 से मनाया जा रहा है। इधर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि राज्य में इस साल मई तक 27 हैलीपेड बनाये गये हैं और उन पर परिचालन शुरू हो गया है। बनर्जी ने अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन दिवस पर एक ट्वीट में यह भी कहा कि राज्य सरकार ने महानगर से किफायती हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू की हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आज अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन दिवस है। ‘बांग्ला’ में मई 2018 तक 27 हेलीपैड का निर्माण पूरा कर लिया गया है और परिचालन शुरू हो गया है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कोलकाता से माल्दा, बालूरघाट, दीघा तथा गंगासागर जैसे अन्य स्थानों के बीच किफायती यात्री हितैषी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की गयी है।’’ संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1996 में सात दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन दिवस घोषित किया था।

Spread the love
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  
  •